Sonbhadra News: 12 साल की उपलब्धियों का जनमंच सजाएगी सरकार, गांव-गांव पहुंचेगा विकास का संदेश

Sonbhadra News: सोनभद्र में सरकार 12 वर्षों की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए 17 दिवसीय अभियान चलाएगी। जनमंच और विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से गांव-गांव विकास कार्यों की जानकारी दी जाएगी।

Mithilesh Dev Pandey
Published on: 2 Jun 2026 6:41 PM IST
Sonbhadra News
X

Sonbhadra News(Photo-Social Media)

Sonbhadra News: केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जनपद में 5 जून से 21 जून तक चलने वाले जन-कल्याण एवं जन-जागरूकता अभियान की तैयारियां तेज हो गई हैं। सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने और पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने के लिए पूरे जिले में व्यापक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान को लेकर जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट स्थित जनसुनवाई कक्ष में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर तैयारियों का जायजा लिया और स्पष्ट निर्देश दिए कि हर कार्यक्रम प्रभावी, पारदर्शी और जनभागीदारी आधारित होना चाहिए।

पर्यावरण दिवस से होगा अभियान का आगाज

बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि अभियान का शुभारंभ 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर होगा। इस दौरान अमृत सरोवरों, तालाबों, नहरों और सार्वजनिक स्थलों पर वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के साथ जनसहभागिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सभी विभाग समन्वय बनाकर कार्य करें तथा निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करें।

जनसंपर्क से लेकर मीडिया संवाद तक चलेगा व्यापक अभियान

जिलाधिकारी ने बताया कि 8 जून से 14 जून तक विशेष जनसंपर्क एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे। इसी क्रम में 11 जून से 14 जून तक मीडिया संवाद एवं संबोधन कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिनके माध्यम से सरकार की उपलब्धियों, विकास कार्यों और जनहितकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाएगी। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि अभियान के प्रत्येक चरण का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए ताकि अधिक से अधिक लोग इससे लाभान्वित हो सकें।

गांवों में लगेंगे शिविर, मौके पर होगा समस्याओं का समाधान

14 जून से 16 जून तक जिले के सभी विकास खंडों में जन-कल्याण शिविर एवं स्वास्थ्य मेलों का आयोजन किया जाएगा। इन शिविरों में पात्र लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया जाएगा। साथ ही आम जनता की समस्याओं को सुनकर उनका मौके पर निस्तारण करने का प्रयास किया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग की ओर से चिकित्सा परामर्श, जांच एवं जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

विकसित भारत के संकल्प को मिलेगा जनसमर्थन

अभियान के तहत 16 और 17 जून को विकसित भारत संकल्प सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन में सरकार की विकासपरक नीतियों, जनकल्याणकारी योजनाओं, आधारभूत संरचना के विस्तार, आत्मनिर्भर भारत अभियान तथा सुशासन के विभिन्न आयामों को जनसामान्य के सामने प्रस्तुत किया जाएगा। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सम्मेलन को प्रभावी और जनोन्मुखी बनाया जाए ताकि लोगों को विकास यात्रा से सीधे जोड़ा जा सके।

विकास प्रदर्शनी में दिखेगी बदलते भारत की तस्वीर

17 जून से 20 जून तक विकास प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। प्रदर्शनी में विभिन्न विभागों की उपलब्धियों, नवाचारों और जनहितकारी योजनाओं का प्रदर्शन किया जाएगा। इसके साथ ही प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विशेष कार्यशालाएं आयोजित होंगी, जिनमें किसानों को आधुनिक एवं टिकाऊ कृषि पद्धतियों की जानकारी दी जाएगी।


योग के साथ होगा अभियान का भव्य समापन

17 दिवसीय इस अभियान का समापन 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित वृहद योग कार्यक्रम के साथ होगा। जिलेभर में सामूहिक योगाभ्यास के माध्यम से स्वास्थ्य, फिटनेस और निरोग जीवन का संदेश दिया जाएगा। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, जिला विकास अधिकारी हेमंत कुमार सिंह, डीसी मनरेगा रविंद्र सिंह, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी सुधांशु शेखर शर्मा सहित विभिन्न विभागों के जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Mithilesh Dev Pandey
ABOUT THE AUTHOR

Mithilesh Dev Pandey

Next Story