TRENDING TAGS :
Sonbhadra News: चुनावी तैयारियों को लेकर 27-28 जून को जिले के हर मतदान केंद्र की होगी सघन पड़ताल
Sonbhadra News: आगामी चुनाव की तैयारियों के तहत 27 और 28 जून को जिले के सभी मतदान केंद्रों का निरीक्षण होगा। अधिकारी आधारभूत सुविधाओं और व्यवस्थाओं का सत्यापन करेंगे।
चुनावी तैयारियों को लेकर 27-28 जून को जिले के हर मतदान केंद्र की होगी सघन पड़ताल (Photo- Newstrack)
Sonbhadra News: आगामी निर्वाचन को निष्पक्ष, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने की दिशा में जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश के निर्देश पर जनपद के सभी मतदेय स्थलों का 27 एवं 28 जून को व्यापक भौतिक सत्यापन कराया जाएगा। इस दौरान सेक्टर अधिकारी प्रत्येक मतदान केंद्र पर पहुंचकर भवन की स्थिति, आधारभूत सुविधाओं और निर्वाचन आयोग के मानकों के अनुरूप व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण करेंगे। प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि सत्यापन कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मतदान केंद्रों पर सुबह से शाम तक रहेगा निरीक्षण
जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देश पर पुनरीक्षण पूर्व गतिविधियों के तहत विधानसभावार नियुक्त सेक्टर अधिकारी दोनों दिनों में सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक सभी मतदेय स्थलों का भौतिक सत्यापन करेंगे। निरीक्षण के दौरान मतदान केंद्रों की वास्तविक स्थिति, पहुंच मार्ग, पेयजल, शौचालय, बिजली, रैंप सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं की भी गहन जांच की जाएगी, ताकि मतदान के दौरान मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
विद्यालय और कार्यालय अनिवार्य रूप से रहेंगे खुले
सत्यापन कार्य को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने निर्देश जारी किए हैं कि जिन विद्यालयों और कार्यालयों में मतदेय स्थल बनाए गए हैं, वे 27 और 28 जून को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक अनिवार्य रूप से खुले रहेंगे। संबंधित प्रधानाचार्य, कार्यालयाध्यक्ष और कर्मचारी अपने संस्थानों में उपस्थित रहेंगे तथा सेक्टर अधिकारियों को सत्यापन कार्य में पूरा सहयोग देंगे।
डीएम ने दिए सख्त निर्देश, लापरवाही पर होगी जवाबदेही
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने सभी विभागाध्यक्षों, प्रधानाचार्यों और कार्यालयाध्यक्षों को निर्देशित किया है कि निर्वाचन आयोग के निर्देशों का पूरी गंभीरता से पालन किया जाए। उन्होंने कहा कि मतदेय स्थलों का भौतिक सत्यापन आगामी निर्वाचन की सबसे महत्वपूर्ण प्रक्रियाओं में से एक है। इसलिए सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपनी जिम्मेदारियों का समयबद्ध, पारदर्शी और उत्तरदायित्वपूर्ण ढंग से निर्वहन सुनिश्चित करें।
प्रशासन का मानना है कि इस विशेष अभियान के जरिए मतदान केंद्रों पर मौजूद कमियों की समय रहते पहचान कर उन्हें दूर किया जा सकेगा, जिससे आगामी चुनाव शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने में किसी प्रकार की बाधा न आए।


