Sonbhadra News: जून तक हर घर पहुंचेगा कनहर का पानी, डीएम ने अमवार योजना में लगाई रफ्तार

onbhadra News: सोनभद्र की अमवार पेयजल योजना में तेजी लाने के लिए डीएम चर्चित गौड़ ने निरीक्षण किया, जून तक 54 गांवों में पानी पहुंचाने का लक्ष्य तय किया।

Mithilesh Dev Pandey
Published on: 15 May 2026 8:20 PM IST
Kanhar water to reach every household by June, DM speeds up implementation in Amwar scheme
X

जून तक हर घर पहुंचेगा कनहर का पानी, डीएम ने अमवार योजना में लगाई रफ्तार (Photo- Newstrack)

Sonbhadra News: सोनभद्र।जनपद के दुद्धी क्षेत्र की बहुप्रतीक्षित अमवार ग्राम समूह पेयजल योजना को लेकर प्रशासन अब पूरी तरह सख्त नजर आ रहा है। शुक्रवार को जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने अमवार परियोजना का औचक निरीक्षण कर कार्यों की वास्तविक स्थिति परखी और अधिकारियों को जून माह तक हर घर शुद्ध पेयजल पहुंचाने का अल्टीमेटम दिया। निरीक्षण के दौरान धीमी प्रगति और अधूरे कनेक्शनों पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए कार्य में युद्धस्तर पर तेजी लाने के निर्देश दिए।

डीएम ने स्पष्ट कहा कि योजना से जुड़े किसी भी गांव में पेयजल आपूर्ति बाधित नहीं होनी चाहिए। जहां पाइपलाइन क्षतिग्रस्त है, वहां तत्काल मरम्मत कर जलापूर्ति बहाल की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि पाइपलाइन टूटने अथवा लापरवाही के कारण यदि किसी गांव की पानी सप्लाई प्रभावित हुई तो जिम्मेदार अधिकारियों और एजेंसी पर सीधी कार्रवाई होगी।

कनहर डैम से 54 गांवों तक पहुंचेगा पानी

निरीक्षण के दौरान परियोजना प्रबंधक ने जिलाधिकारी को बताया कि अमवार ग्राम समूह पेयजल योजना के तहत कनहर डैम से पानी उठाकर कुल 54 गांवों में पेयजल आपूर्ति की जानी है। वर्तमान में अमवार, बाघाडू, दिघुल, देवपुरा, टेड़ा और जामापानी गांवों में नियमित जलापूर्ति शुरू कर दी गई है।

हालांकि मौके पर ही डीएम ने ग्राम दिघुल के प्रधान से मोबाइल फोन पर बात कर जमीनी स्थिति की जानकारी ली। प्रधान ने बताया कि गांव के करीब 60 प्रतिशत घरों में अब तक पाइपलाइन कनेक्शन नहीं पहुंच पाया है। जिन घरों में कनेक्शन दिए गए हैं, वहां भी नियमित पानी नहीं मिल पा रहा। यह जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी ने अधिकारियों को फटकार लगाते हुए कार्य में तेजी लाने को कहा।

हर दिन होगी प्रगति की निगरानी

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि 250 मैनपावर लगाकर प्रतिदिन कम से कम 250 घरों में पाइपलाइन कनेक्शन दिए जाएं। साथ ही हर दिन कार्य की जीओ टैगिंग और प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने साफ कहा कि जिस दिन प्रगति रिपोर्ट नहीं मिलेगी, उसी दिन संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई तय मानी जाएगी।

डीएम ने कहा कि सभी गांवों में हाउस कनेक्शन का काम मिशन मोड में पूरा कराया जाए, ताकि जून तक प्रत्येक पात्र परिवार को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जा सके। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी और कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Shashi kant gautam

Shashi kant gautam

Mail ID - skgautam1208@gmail.com

Next Story