TRENDING TAGS :
Sonbhadra News: तीन करोड़ के बस अड्डे पर पसरा सन्नाटा, फ्लाईओवर के नीचे सड़कों पर दौड़ रहीं बसें
Sonbhadra News: बस स्टेशन खाली, सड़क पर बसों का संचालन जारी, रोजाना जाम में फंस रहे लोग और एंबुलेंस, महिलाओं को पानी, शौचालय और बैठने तक की सुविधा नहीं।
तीन करोड़ के बस अड्डे पर पसरा सन्नाटा, फ्लाईओवर के नीचे सड़कों पर दौड़ रहीं बसें (Photo- Newstrack)
Sonbhadra News: जनसुविधाओं के नाम पर सरकारी खजाने से करोड़ों रुपये खर्च कर बनाए गए रोडवेज बस स्टेशन का समुचित उपयोग नहीं होना परिवहन विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। करीब 3 करोड़ 49 लाख रुपये की लागत से तैयार बस स्टेशन होने के बावजूद बसों का संचालन फ्लाईओवर के नीचे से किया जा रहा है। एक तरफ बस स्टेशन परिसर में खराब हालत में बसें खड़ी होने की बात सामने आ रही है, तो दूसरी तरफ मिर्जापुर डिपो की बसें सड़क पर ही यात्रियों को चढ़ाने-उतारने का काम कर रही हैं। इस दोहरी व्यवस्था का खामियाजा मुख्यालय की जनता को रोजाना जाम और अव्यवस्था के रूप में भुगतना पड़ रहा है।
बस स्टेशन मौजूद, फिर सड़क पर क्यों खड़ी हो रहीं बसें
मुख्यालय में फ्लाईओवर के नीचे बसों के ठहराव और संचालन से यातायात का दबाव लगातार बढ़ रहा है। बसों के आने-जाने के दौरान सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग जाती है। स्थिति कई बार इतनी गंभीर हो चुकी है कि जाम में एंबुलेंस तक फंसने की नौबत आ गई। ऐसे में सवाल उठना लाजिमी है कि यदि आपातकालीन सेवाओं के वाहन भी इस अव्यवस्था से प्रभावित हो रहे हैं, तो जिम्मेदार विभाग आखिर किस घटना का इंतजार कर रहा है? जिस बस स्टेशन का निर्माण यात्रियों को व्यवस्थित परिवहन सुविधा देने और सड़क पर अनावश्यक दबाव कम करने के लिए कराया गया, उसका उपयोग सुनिश्चित कराने में अधिकारी क्यों नाकाम साबित हो रहे हैं?
महिलाओं और बच्चियों के लिए भी नहीं बुनियादी सुविधाएं
फ्लाईओवर के नीचे बसों का इंतजार करने वाले यात्रियों की मुश्किलें केवल यातायात जाम तक सीमित नहीं हैं। यहां महिलाओं और बच्चियों के बैठने के लिए समुचित स्थान नहीं है। पीने के पानी और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाओं का भी अभाव है। ऐसे में दूरदराज के क्षेत्रों से आने वाले यात्रियों, महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को काफी परेशानी उठानी पड़ती है। उल्लेखनीय है कि इसी स्थान के आसपास पंजाब नेशनल बैंक की मुख्य शाखा भी संचालित है। बैंक में प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्राहक और अन्य लोग पहुंचते हैं। पहले से मौजूद भीड़ के बीच बसों का ठहराव और सड़क पर उनका संचालन पूरे इलाके की यातायात व्यवस्था को प्रभावित कर रहा है। इससे राहगीरों और बैंक पहुंचने वाले ग्राहकों को भी अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
शिकायतों का लंबा सिलसिला, कार्रवाई अब भी नदारद
इस समस्या को लेकर उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन, सोनभद्र की ओर से कई बार संबंधित अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराया जा चुका है। संगठन के जिलाध्यक्ष कौशल शर्मा ने बताया कि 8 दिसंबर 2025 को सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक, परिवहन निगम सोनभद्र को लिखित शिकायत देकर मिर्जापुर डिपो की बसों का फ्लाईओवर के नीचे से संचालन बंद कराने की मांग की गई थी। इसके बाद 30 दिसंबर 2025, 17 अप्रैल 2026, 23 मई 2026 और 2 नवंबर 2026 को भी मुख्य विकास अधिकारी, जिलाधिकारी तथा मंडलायुक्त, विंध्याचल मंडल समेत संबंधित अधिकारियों को पत्र और मौखिक माध्यम से समस्या से अवगत कराया गया। इसके बावजूद स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ।
एक ही दिन भेजा गया पत्र, फिर भी नहीं बदली व्यवस्था
इस पूरे मामले में परिवहन विभाग के स्तर से हुई पूर्व कार्रवाई भी सवालों के घेरे में है। संगठन की 8 दिसंबर 2025 की शिकायत के बाद सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक, सोनभद्र डिपो ने उसी दिन पत्रांक 1098/स0क्षे0प्र0/सोनभद्र/संचा0/2025 के माध्यम से सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक, मिर्जापुर डिपो को पत्र भेजा था। इसमें मिर्जापुर डिपो की बसों के कारण उत्पन्न हो रही समस्याओं का उल्लेख करते हुए बसों का संचालन सोनभद्र डिपो से कराने के लिए अपने स्तर से आवश्यक निर्देश देने का अनुरोध किया गया था। इसके बाद भी यदि बसों का संचालन पूर्ववत फ्लाईओवर के नीचे से हो रहा है, तो यह विभागीय समन्वय और अधिकारियों की जवाबदेही पर बड़ा सवाल है।
करोड़ों की संपत्ति का उपयोग नहीं तो जवाबदेह कौन?
अब सबसे अहम सवाल यह है कि जब मुख्यालय में यात्रियों के लिए करोड़ों रुपये की लागत से बस स्टेशन तैयार है, तो उसका पूरा उपयोग क्यों नहीं कराया जा रहा है? परिसर में खड़ी बसों की वास्तविक स्थिति क्या है? क्या वे मरम्मत के अभाव में बेकार पड़ी हैं या उनके संचालन को लेकर कोई दूसरी समस्या है? यदि बस स्टेशन में पर्याप्त व्यवस्था उपलब्ध है, तो मिर्जापुर डिपो की बसों को फ्लाईओवर के नीचे खड़ा करने की मजबूरी क्या है? इन सवालों का जवाब परिवहन विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों को देना चाहिए।
उच्चस्तरीय जांच और तत्काल व्यवस्था बदलने की मांग
उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन के जिलाध्यक्ष कौशल शर्मा ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि जांच के दायरे में बस स्टेशन परिसर में खड़ी बसों की स्थिति, निर्माण के बाद उसकी उपयोगिता और मिर्जापुर डिपो की बसों के संचालन की व्यवस्था को शामिल किया जाना चाहिए। साथ ही यह भी स्पष्ट होना चाहिए कि बार-बार शिकायतों और विभागीय पत्राचार के बाद भी समस्या का समाधान क्यों नहीं हुआ। उन्होंने परिवहन विभाग के उच्चाधिकारियों से तत्काल हस्तक्षेप कर बसों का संचालन निर्धारित बस स्टेशन परिसर से सुनिश्चित कराने की मांग की, ताकि आम नागरिकों को जाम से राहत मिले और यातायात व्यवस्था सुचारु हो सके। सार्वजनिक धन से तैयार सुविधाओं का लाभ जनता तक पहुंचना चाहिए। सरकारी उदासीनता के कारण लोगों को रोजाना परेशानी झेलने के लिए मजबूर नहीं किया जाना चाहिए।


