Sonbhadra News: ऑपरेशन कन्विक्शन पर सख्त हुए सीओ सिटी, लंबित मुकदमों में ढिलाई पर जताई नाराजगी

Sonbhadra News: सोनभद्र में सीओ सिटी रणधीर मिश्रा ने लंबित मुकदमों की समीक्षा कर पैरोकारों को सख्त निर्देश दिए, गैंगस्टर और टॉप-10 अपराधियों के मामलों पर फोकस रहेगा।

Mithilesh Dev Pandey
Published on: 29 May 2026 10:32 PM IST
CO City tightened on Operation Conviction, resentful over delay in pending cases
X

ऑपरेशन कन्विक्शन पर सख्त हुए सीओ सिटी, लंबित मुकदमों में ढिलाई पर जताई नाराजगी (Photo- Newstrack)

Sonbhadra News: सोनभद्र। अपराधियों को सजा दिलाने की प्रक्रिया को तेज करने और न्यायालय में लंबित मामलों के जल्द निस्तारण को लेकर शुक्रवार को क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा ने सर्किल क्षेत्र के थानों के पैरोकारों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत चिन्हित मामलों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा करते हुए अभियोजन कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के सख्त निर्देश दिए गए।

लंबित मामलों की समीक्षा, तेजी से कार्रवाई के निर्देश

बैठक के दौरान क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा ने न्यायालय में विचाराधीन मामलों की एक-एक कर समीक्षा की। उन्होंने कहा कि अपराधियों को सजा दिलाना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी स्तर पर शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने पैरोकारों को निर्देशित किया कि सभी लंबित मामलों में समयबद्ध ढंग से साक्ष्यों का संकलन सुनिश्चित किया जाए तथा गवाहों की न्यायालय में उपस्थिति हर हाल में कराई जाए।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि प्रभावी पैरवी के अभाव में कई गंभीर मामले वर्षों तक लंबित रहते हैं, जिससे अपराधियों का मनोबल बढ़ता है। ऐसे में प्रत्येक पैरोकार अपनी जिम्मेदारी गंभीरता से निभाए और हर मुकदमे की नियमित मॉनिटरिंग करे।

टॉप-10 अपराधियों और गैंगस्टर मामलों पर रहेगा विशेष फोकस

बैठक में टॉप-10 अपराधियों, गैंगस्टर एक्ट और अन्य गंभीर अपराधों से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित कराने पर विशेष जोर दिया गया। रणधीर मिश्रा ने कहा कि संगठित अपराध और गंभीर वारदातों में शामिल अपराधियों के खिलाफ मजबूत पैरवी कर उन्हें जल्द से जल्द सजा दिलाई जाए, ताकि समाज में कानून का भय कायम रहे।

उन्होंने पैरोकारों को निर्देशित किया कि न्यायालय में पेश होने वाले प्रत्येक प्रकरण की तैयारी पूरी मजबूती के साथ की जाए और अभियोजन पक्ष को आवश्यक दस्तावेज समय से उपलब्ध कराए जाएं।

पुलिस और अभियोजन विभाग के बेहतर समन्वय पर जोर

समीक्षा बैठक में पुलिस एवं अभियोजन विभाग के बीच समन्वय को और मजबूत बनाने पर भी बल दिया गया। क्षेत्राधिकारी नगर ने कहा कि जब तक दोनों विभाग आपसी तालमेल के साथ कार्य नहीं करेंगे, तब तक प्रभावी अभियोजन संभव नहीं है।

उन्होंने सभी पैरोकारों को अपने अभिलेख अद्यतन रखने, लंबित मामलों की प्रगति रिपोर्ट नियमित रूप से तैयार करने तथा समय-समय पर उच्चाधिकारियों को अवगत कराते रहने के निर्देश दिए। बैठक के दौरान अभियोजन कार्य को और अधिक प्रभावी बनाने को लेकर कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की।

Shashi kant gautam

Shashi kant gautam

Publisher Mail ID - skgautam1208@gmail.com

Experienced Hindi Journalist with 6 Years of Experience

Next Story