TRENDING TAGS :
Sonbhadra News: कार-टीपर की टक्कर के बाद आग, तीन युवकों को सुरक्षित बचाया
Sonbhadra News: डाला बाजार में टक्कर के बाद कार और टीपर में आग लग गई। स्थानीय लोगों ने गेट तोड़कर तीन युवकों को बाहर निकाला। दो गंभीर घायल युवकों को जिला अस्पताल रेफर किया गया।
कार-टीपर की टक्कर के बाद आग, तीन युवकों को सुरक्षित बचाया (Photo- Newstrack)
Sonbhadra News: वाराणसी-शक्तिनगर मुख्य मार्ग पर डाला बाजार में शुक्रवार को कार और टीपर के बीच हुई जोरदार भिड़ंत के बाद दोनों वाहन आग का गोला बन गए। हादसे के बाद कार में फंसे तीन घायल युवकों की जिंदगी पर संकट मंडराने लगा। इसी बीच मौके पर मौजूद तीन स्थानीय लोगों ने अदम्य साहस दिखाते हुए कार का गेट तोड़कर तीनों युवकों को बाहर निकाल लिया। युवकों को बाहर निकालने के कुछ ही क्षण बाद दोनों वाहनों में आग लग गई। स्थानीय लोगों की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया। दुर्घटना में घायल दो युवकों की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार म्योरपुर थाना क्षेत्र के आश्रम मोड़ निवासी हिमांशु सिंह (23) पुत्र प्रीतम सिंह, सत्यार्थ सिंह (18) पुत्र सर्वजीत सिंह और अविनाश सिंह (20) पुत्र मनोज सिंह शुक्रवार को कार से पन्नूगंज थाना क्षेत्र के रामगढ़ से म्योरपुर जा रहे थे। इसी दौरान जब उनकी कार चोपन थाना क्षेत्र की डाला चौकी अंतर्गत डाला बाजार में वाराणसी-शक्तिनगर मुख्य मार्ग पर पहुंची, तभी एक टीपर सड़क पार करने लगा। अचानक सामने आए टीपर से कार की जोरदार टक्कर हो गई।
कार में फंसे युवकों को निकालने के लिए तोड़ा गेट
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार सवार तीनों युवक घायल होकर अंदर ही फंस गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने जब युवकों को कार के भीतर फंसा देखा तो उन्हें बचाने के लिए दौड़ पड़े। डाला बाजार निवासी लखराज, लल्लन और इलियास ने बिना समय गंवाए कार का गेट तोड़ने का प्रयास शुरू कर दिया। काफी मशक्कत के बाद तीनों ने कार का दरवाजा तोड़कर अंदर फंसे युवकों को बाहर निकाल लिया।
युवक बाहर निकले और धधक उठे दोनों वाहन
स्थानीय लोगों के मुताबिक तीनों युवकों को कार से बाहर निकालने के कुछ ही देर बाद कार और टीपर में आग लग गई। देखते ही देखते दोनों वाहन आग की लपटों से घिर गए। मौके पर मौजूद लोगों के लिए यह दृश्य बेहद भयावह था। यदि लखराज, लल्लन और इलियास ने समय रहते साहस नहीं दिखाया होता तो कार में फंसे युवकों के साथ बड़ा हादसा हो सकता था। तीनों स्थानीय लोगों की सूझबूझ और तत्परता ने तीन जिंदगियां बचाने में अहम भूमिका निभाई।
दो युवकों को जिला अस्पताल किया गया रेफर
घटना की सूचना मिलते ही डाला चौकी पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने तीनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चोपन पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल सत्यार्थ सिंह और अविनाश सिंह को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहीं हिमांशु सिंह का भी उपचार किया गया।
फायर ब्रिगेड ने आग पर पाया काबू, टीपर चालक फरार
उधर, दुर्घटना के बाद टीपर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने अल्ट्राटेक की फायर ब्रिगेड को सूचना देकर मौके पर बुलाया। दमकल कर्मियों ने काफी प्रयास के बाद दोनों वाहनों में लगी आग पर काबू पाया। इसके बाद दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से किनारे कराया गया, जिससे वाराणसी-शक्तिनगर मुख्य मार्ग पर आवागमन दोबारा सुचारू हो सका। पुलिस घटना की जांच में जुटी है।


