Sonbhadra News: बकरीद को लेकर सोनभद्र प्रशासन अलर्ट, सौहार्द बिगाड़ने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

Sonbhadra News: सोनभद्र में बकरीद को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने के लिए प्रशासन सतर्क, अफवाह फैलाने और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई।

Mithilesh Dev Pandey
Published on: 24 May 2026 10:18 PM IST
DM Charchit Gour SP Abhishek Verma hold a meeting on Bakrid security alert
X

 बकरीद को लेकर सोनभद्र प्रशासन अलर्ट, सौहार्द बिगाड़ने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई (Photo- Newstrack)

Sonbhadra News: सोनभद्र। जनपद में आगामी बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण और भाईचारे के माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सतर्क नजर आई। रविवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित पीस कमेटी और धर्मगुरुओं की बैठक में प्रशासन ने साफ संदेश दिया कि त्योहार की आड़ में किसी भी तरह की नई परंपरा, अफवाह या कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी चर्चित गौड़ और पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने की। इस दौरान जिले भर से पहुंचे धर्मगुरुओं, सामाजिक प्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ विस्तार से चर्चा की गई। प्रशासन ने त्योहार को आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक सौहार्द के साथ मनाने की अपील करते हुए सभी पक्षों से सहयोग मांगा।

जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने की पीस कमेटी के साथ बैठक

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण कर शांति व्यवस्था पर नजर रखें और स्थानीय स्तर पर भी पीस कमेटी की बैठकें आयोजित करें। उन्होंने नगर निकायों को साफ-सफाई, पेयजल और बिजली व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए ताकि पर्व के दौरान लोगों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।


बैठक में पुलिस अधीक्षक ने विशेष रूप से कानून व्यवस्था से जुड़े बिंदुओं पर सख्त रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं होगी और सार्वजनिक स्थलों पर कुर्बानी पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। इसके साथ ही सड़कों पर नमाज अदा न करने की अपील करते हुए कहा गया कि यातायात व्यवस्था प्रभावित नहीं होनी चाहिए।

क़ुरबानी के अवशेष फेंकने पर सख्त चेतावनी

प्रशासन ने खुले में मांस अथवा अवशेष फेंकने पर भी सख्ती की चेतावनी दी और निर्धारित स्थानों पर सुरक्षित तरीके से निस्तारण करने के निर्देश दिए। सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों और भड़काऊ पोस्ट को लेकर भी प्रशासन पूरी तरह चौकन्ना दिखा। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि फेक न्यूज फैलाने वालों की निगरानी की जाएगी और माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों पर कठोर कार्रवाई होगी।


बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) बगीश कुमार शुक्ला, अपर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन ऋषभ रुणवाल, सभी उप जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी सहित जिले के विभिन्न धर्मगुरु और गणमान्य लोग मौजूद रहे। धर्मगुरुओं ने भी प्रशासन को भरोसा दिलाया कि जिले में पहले की तरह इस बार भी बकरीद आपसी प्रेम, शांति और सौहार्द के साथ मनाई जाएगी।

Mithilesh Dev Pandey
ABOUT THE AUTHOR

Mithilesh Dev Pandey

mithilesh.sonbhadra@gmail.com
Next Story