TRENDING TAGS :
Sonbhadra News: जानलेवा हमले के मामले में फरार तीन आरोपी गिरफ्तार, कुल्हाड़ी बरामद
Sonbhadra News: दुद्धी थाना पुलिस ने जानलेवा हमले और मारपीट के मामले में फरार चल रहे तीन आरोपियों को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया। घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद की गई।
जानलेवा हमले के मामले में फरार तीन आरोपी गिरफ्तार, कुल्हाड़ी बरामद (Photo- Newstrack)
Sonbhadra News: सोनभद्र जनपद के दुद्धी थाना क्षेत्र में मारपीट और जानलेवा हमले के मामले में फरार चल रहे तीन आरोपितों को पुलिस ने आखिरकार गिरफ्तार कर लिया। मुखबिर की सटीक सूचना पर पावर हाउस, गुलालझरिया के पास घेराबंदी कर तीनों को दबोचा गया। पुलिस ने उनके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद की है। आरोपितों को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई की गई।
लगातार तलाश में जुटी थी पुलिस
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी दुद्धी विनय प्रभाकर साहनी के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक धर्मेन्द्र कुमार सिंह के नेतृत्व में दुद्धी पुलिस टीम लगातार वांछित आरोपितों की तलाश कर रही थी।
थाना दुद्धी में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 192/2026 में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज जानलेवा हमला और मारपीट के मामले में तीनों आरोपी फरार चल रहे थे। पुलिस ने उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी और आखिरकार सफलता हासिल कर ली।
मुखबिर की सूचना बनी गिरफ्तारी की वजह
पुलिस के अनुसार 11 जुलाई की शाम मुखबिर से सूचना मिली कि तीनों आरोपित पावर हाउस, गुलालझरिया के पास मौजूद हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हुई और इलाके की घेराबंदी कर करीब 8:15 बजे तीनों को बिना किसी मौके दिए गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली गई, जिसे पुलिस ने कब्जे में लेकर साक्ष्य के रूप में सुरक्षित किया।
तीनों आरोपी एक ही गांव के रहने वाले
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान शिवप्रसाद पुत्र स्व. विंदेश्वरी, उमेश पुत्र रामप्रसाद तथा सुनील पुत्र रामप्रसाद के रूप में हुई है। तीनों ग्राम गुलालझरिया, थाना दुद्धी, जनपद सोनभद्र के निवासी हैं। पुलिस ने आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद रविवार को उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर दिया।
पुलिस टीम की सक्रियता लाई रंग
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक चन्दन गिरि, हेड कांस्टेबल खालिद खाँ तथा कांस्टेबल गणेश मिश्रा की टीम ने अहम भूमिका निभाई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनपद में अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


