Sonbhadra News: रात के अंधेरे में मौत बनकर दौड़ा डंपर, घर के बाहर सो रहे युवक को रौंदा

Sonbhadra News: सोनभद्र के घोरावल में अवैध बालू ढुलाई कर रहे तेज रफ्तार डंपर ने चारपाई पर सो रहे युवक को रौंद दिया, हादसे के बाद चालक फरार हो गया।

Mithilesh Dev Pandey
Published on: 29 May 2026 5:31 PM IST
Dumper accident
X

रात के अंधेरे में मौत बनकर दौड़ा डंपर, घर के बाहर सो रहे युवक को रौंदा (Photo- Social Media)

Sonbhadra News: सोनभद्र ।जिले के घोरावल कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत घोरावल नगर में गुरुवार देर रात लापरवाही और अवैध बालू ढुलाई का खौफनाक चेहरा सामने आया। वार्ड नंबर 10 में घर के बाहर चारपाई पर सो रहे एक युवक को तेज रफ्तार डंपर ने कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन समेत फरार हो गया। घटना से इलाके में गुस्सा और दहशत का माहौल है।

चारपाई पर सो रहे युवक को कुचलते हुए निकल गया

मृतक की पहचान 27 वर्षीय सिकंदर सोनकर के रूप में हुई है, जो रात में अपने घर के बाहर सो रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक वार्ड में बालू गिराने पहुंचा डंपर काम खत्म करने के बाद तेज रफ्तार में बाहर निकल रहा था। इसी दौरान चालक ने लापरवाही भरे अंदाज में वाहन दौड़ा दिया और चारपाई पर सो रहे सिकंदर को कुचलते हुए निकल गया। हादसा इतना भीषण था कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए, लेकिन तब तक चालक डंपर लेकर फरार हो चुका था। सूचना मिलते ही घोरावल कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस फरार डंपर और चालक की तलाश में जुटी हुई है।

स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश

घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। लोगों का आरोप है कि नगर में रात के अंधेरे में बिना परमिट बालू लाने वाले डंपरों की आवाजाही लगातार बढ़ती जा रही है। आरोप है कि कार्रवाई से बचने के लिए चालक देर रात बालू गिराकर तेजी से निकल जाते हैं, जिससे आए दिन हादसों का खतरा बना रहता है। लोगों ने प्रशासन से अवैध बालू कारोबार पर सख्त कार्रवाई और जिम्मेदारों के खिलाफ कठोर कदम उठाने की मांग की है।

उधर, सिकंदर की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घर में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि मृतक दो छोटे बच्चों का पिता था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Shashi kant gautam

Shashi kant gautam

Publisher Mail ID - skgautam1208@gmail.com

Experienced Hindi Journalist with 6 Years of Experience

Next Story