Sonbhadra News: पत्नी के मायके जाने के बाद घर में फंदे से लटका मिला वृद्ध, पुलिस जांच में जुटी

Sonbhadra News: सोनभद्र के राबर्ट्सगंज क्षेत्र में एक वृद्ध का शव घर के अंदर फंदे से लटका मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर सभी पहलुओं पर जांच शुरू कर दी।

Mithilesh Dev Pandey
Published on: 30 July 2026 2:53 PM IST
Elderly man found hanged in house after wifes death, police investigate
X

पत्नी के मायके जाने के बाद घर में फंदे से लटका मिला वृद्ध, पुलिस जांच में जुटी (Photo- Newstrack)

Sonbhadra News: सोनभद्र जनपद के राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के अधवार गांव में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। गांव के एक 65 वर्षीय वृद्ध का शव उनके घर के अंदर पंखे के हुक से गमछे के सहारे लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

मृतक की पहचान अधवार गांव निवासी गोपाल चौहान (65) पुत्र स्वर्गीय रामपति चौहान के रूप में हुई है। ग्रामीणों के अनुसार उनकी दो बेटियां हैं, जिनकी शादी हो चुकी है, जबकि उनका कोई पुत्र नहीं था। बताया जाता है कि उनकी पहली पत्नी का पहले ही निधन हो चुका था और बाद में उन्होंने दूसरी शादी की थी।

ग्रामीणों के मुताबिक बुधवार को गोपाल चौहान और उनकी दूसरी पत्नी के बीच मायके जाने को लेकर कहासुनी हुई थी। बताया जा रहा है कि गोपाल पत्नी को रोकने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन वह मायके चली गईं। इसके बाद वह घर में अकेले रह गए। ग्रामीणों का कहना है कि इसके बाद से किसी ने उन्हें बाहर नहीं देखा।

गोपाल चौहान ने पंखे के हुक से लटककर दी जान

गुरुवार सुबह गांव के कुछ मजदूर धान की रोपाई के लिए उन्हें बुलाने उनके घर पहुंचे। काफी देर तक दरवाजा खटखटाने और आवाज लगाने के बावजूद अंदर से कोई हलचल नहीं हुई। अनहोनी की आशंका होने पर लोगों ने खिड़की से अंदर झांककर देखा तो उनके होश उड़ गए। गोपाल चौहान का शव पंखे के हुक से गमछे के सहारे लटक रहा था। यह दृश्य देखते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई और तत्काल राबर्ट्सगंज कोतवाली पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की गई और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ भी की, ताकि घटना की पूरी परिस्थितियों का पता लगाया जा सके।

पुलिस ने बताया

राबर्ट्सगंज कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रामस्वरूप वर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे। रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद अधवार गांव में शोक और चर्चा का माहौल है। हालांकि पत्नी से हुए विवाद की चर्चा ग्रामीणों में है, लेकिन पुलिस ने अभी किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है। जांच पूरी होने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर साफ हो सकेगी।

Mithilesh Dev Pandey
ABOUT THE AUTHOR

Mithilesh Dev Pandey

mithilesh.sonbhadra@gmail.com
Next Story