TRENDING TAGS :
Sonbhadra News: मतदाता सूची में दोहरी एंट्री पर प्रशासन का शिकंजा, CSC संचालकों को मिलेगी ट्रेनिंग
Sonbhadra News: सोनभद्र में मतदाता सूची में दोहरी एंट्री रोकने के लिए जन सुविधा केंद्र संचालकों को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा, फार्म-6 में गलत जानकारी पर रोक लगेगी।
Sonbhadra News: म मतदाता सूची को पूरी तरह शुद्ध और त्रुटिरहित बनाने के लिए जिला निर्वाचन प्रशासन ने कवायद तेज कर दी है। एक ही व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में कई बार दर्ज होने की समस्या पर प्रभावी रोक लगाने के लिए अब जन सुविधा केन्द्र (CSC) संचालकों को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके तहत फार्म-6 भरने से लेकर ऑनलाइन आवेदन जमा करने, ई-साइन और रेफरेंस नम्बर सुरक्षित रखने तक की पूरी प्रक्रिया समझाई जाएगी। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि आवेदन में गलत मोबाइल नम्बर और अधूरा पता दर्ज करने की लापरवाही अब स्वीकार नहीं की जाएगी।
एक आवेदन की जगह दोबारा फार्म भरने से बढ़ रही परेशानी
जिला निर्वाचन अधिकारी चर्चित गौड़ ने बताया कि ऑनलाइन फार्म-6 जमा करते समय कई बार नेटवर्क की समस्या अथवा तकनीकी खामी के कारण आवेदक के मोबाइल पर रेफरेंस नम्बर का संदेश नहीं पहुंच पाता। ऐसी स्थिति में आवेदन जमा होने की जानकारी नहीं मिलने पर लोग दोबारा फार्म भर देते हैं। इससे एक ही व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में एक से अधिक बार दर्ज होने की समस्या पैदा होती है। इसी तरह की गड़बड़ियों को रोकने के लिए सभी जन सुविधा केन्द्र संचालकों को निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के अनुसार प्रशिक्षित किया जाएगा।
रेफरेंस नम्बर देना संचालकों की जिम्मेदारी
प्रशासन के अनुसार फार्म-6 का अंतिम सबमिशन आधार आधारित ई-साइन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही होता है। ई-साइन सफल होने पर आवेदन का रेफरेंस नम्बर जनरेट होता है और स्क्रीन पर आवेदन सफलतापूर्वक जमा होने का संदेश भी दिखाई देता है। यदि आवेदक के मोबाइल पर संदेश नहीं पहुंचता है तो संचालक स्क्रीन पर प्रदर्शित रेफरेंस नम्बर का स्क्रीनशॉट लेकर अथवा उसे लिखकर आवेदक को उपलब्ध कराएंगे। इससे आवेदन की स्थिति स्पष्ट रहेगी और एक ही व्यक्ति का दोबारा पंजीकरण कराने की नौबत नहीं आएगी।
मोबाइल नम्बर और पते में नहीं चलेगी मनमानी
जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश दिया है कि फार्म-6 में आवेदक का वास्तविक और सक्रिय मोबाइल नम्बर ही दर्ज किया जाए। जन सुविधा केन्द्र संचालक अपना मोबाइल नम्बर अथवा गलत और काल्पनिक नम्बर किसी भी दशा में दर्ज न करें। इसके साथ ही आवेदक का पूरा आवासीय पता और सही पिन कोड भरना भी अनिवार्य होगा। इसका उद्देश्य मतदाता पहचान पत्र की डाक विभाग के माध्यम से सही पते पर समय से डिलीवरी सुनिश्चित करना है।
मोबाइल से मिलेगी आवेदन की पूरी जानकारी
पंजीकृत मोबाइल नम्बर के जरिए आवेदक अपने आवेदन की स्थिति की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। आवेदन में किसी अतिरिक्त दस्तावेज अथवा जानकारी की जरूरत होने पर भी संबंधित व्यक्ति को सूचना दी जा सकेगी। इसके अलावा इसी नम्बर की सहायता से ई-ईपीआईसी डाउनलोड करने और वोटर्स सर्विस पोर्टल तथा ECINET मोबाइल ऐप के माध्यम से मतदाता सूची में अपना नाम, विधानसभा क्षेत्र, मतदेय स्थल और बूथ लेवल अधिकारी (BLO) की जानकारी हासिल करने की सुविधा मिलेगी
प्रशिक्षण देंगे जिला सूचना विज्ञान अधिकारी
जिला निर्वाचन अधिकारी चर्चित गौड़ ने बताया कि जन सुविधा केन्द्र संचालकों को जिला सूचना विज्ञान अधिकारी एवं ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर द्वारा प्रशिक्षण दिया जाएगा। उन्होंने सभी संचालकों से निर्धारित प्रक्रिया का पालन करने और प्रत्येक आवेदन में सही मोबाइल नम्बर, पूरा पता तथा अन्य जरूरी विवरण दर्ज करने की अपील की। आवेदन जमा होने के बाद रेफरेंस नम्बर आवेदक को उपलब्ध कराना भी सुनिश्चित करने को कहा गया है। प्रशासन की इस पहल से मतदाता सूची में दोहरी प्रविष्टियों पर अंकुश लगाने और नए मतदाताओं के नाम शामिल करने की प्रक्रिया को अधिक व्यवस्थित बनाने में मदद मिलेगी।


