Sonbhadra News: ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस का निरीक्षण, डीएम ने दिए निर्देश

Sonbhadra News: डीएम चर्चित गौड़ ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में सुरक्षा व्यवस्था परखी। सीसीटीवी, गार्ड तैनाती और एफएलसी कार्य की प्रगति की समीक्षा की।

Mithilesh Dev Pandey
Published on: 31 Oct 2026 7:56 PM IST
Inspection of EVM-VVPAT warehouse, instructions given by DM
X

ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस का निरीक्षण, डीएम ने दिए निर्देश (Photo- Newstrack)

Sonbhadra News: निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने ईवीएम और वीवीपैट मशीनों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। इसी क्रम में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी चर्चित गौड़ ने शनिवार को विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में कलेक्ट्रेट परिसर स्थित ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस का मासिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मशीनों की सुरक्षा, रखरखाव और निगरानी से जुड़ी व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

सुरक्षा व्यवस्था की बारीकी से जांच

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने वेयरहाउस में सुरक्षित रखी गई ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों की सुरक्षा व्यवस्था का अवलोकन किया। उन्होंने वेयरहाउस के चारों ओर लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की संख्या, उनकी कार्यशीलता और निगरानी व्यवस्था की जानकारी ली। इसके साथ ही कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर कैमरों के माध्यम से होने वाली निगरानी की स्थिति परखी। उन्होंने कक्षवार विद्युत आपूर्ति, खिड़कियों, रोशनदानों और दीवारों की रंगाई-पुताई सहित अन्य व्यवस्थाओं को भी देखा।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि वेयरहाउस के बाहरी परिसर की सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी सुनिश्चित की जाए। सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी सहित संबंधित अधिकारियों को भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पूरी गंभीरता से पालन करने के निर्देश दिए।

सुरक्षा मानकों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं

जिलाधिकारी ने सुरक्षा गार्डों की शिफ्टवार तैनाती और वेयरहाउस की सुरक्षा से जुड़े सभी इंतजाम निर्धारित मानकों के अनुरूप बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि ईवीएम एवं वीवीपैट जैसी महत्वपूर्ण निर्वाचन सामग्री की सुरक्षा में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। इसके लिए सभी संबंधित अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का पूरी सतर्कता और गंभीरता से निर्वहन करें।

एफएलसी कार्य की भी परखी प्रगति

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने वेयरहाउस में चल रहे ईवीएम-वीवीपैट के प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) कार्य का भी जायजा लिया। उन्होंने जांच प्रक्रिया की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों से अब तक हुई प्रगति के बारे में पूछा। इसके अलावा जनपद जौनपुर भेजी जा रही 100 वीवीपैट मशीनों का निरीक्षण कर उनके प्रेषण से संबंधित व्यवस्थाओं को भी परखा।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता, पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनाए रखने में ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों की सुरक्षित निगरानी और उचित रखरखाव की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसलिए आयोग के निर्धारित मानकों और दिशा-निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। निरीक्षण के दौरान विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि तथा निर्वाचन कार्य से जुड़े संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Mithilesh Dev Pandey
ABOUT THE AUTHOR

Mithilesh Dev Pandey

mithilesh.sonbhadra@gmail.com
Next Story