TRENDING TAGS :
Sonbhadra News: जान से मारने की धमकी देने वाले पांच गिरफ्तार, वारदात में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद
Sonbhadra News: सोनभद्र में मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। वारदात में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद।
Sonbhadra News(Photo-Social Media)
Sonbhadra News: जनपद के रॉबर्ट्सगंज थाना क्षेत्र के बहुआर गांव में मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद की है। सभी आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।
बहुआर-बासौली मोड़ पुलिया पर पुलिस ने दबोचा
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय अनिल कुमार के पर्यवेक्षण, क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्र के नेतृत्व और प्रभारी निरीक्षक रॉबर्ट्सगंज धर्मेन्द्र कुमार सिंह के निर्देशन में वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत रविवार को रॉबर्ट्सगंज पुलिस टीम ग्राम बहुआर क्षेत्र में गश्त और वांछित आरोपियों की तलाश कर रही थी। इसी दौरान बहुआर-बासौली मोड़ पुलिया के पास करीब 2:30 बजे पुलिस ने पांचों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद एक आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद की गई।
किराने की दुकान से शुरू हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार, घटना 31 अगस्त की शाम करीब छह बजे की है। वादिनी आभा देवी पत्नी त्रिलोकनाथ, निवासी ग्राम बहुआर, के अनुसार उनके देवर जोगेन्द्र मिश्रा उर्फ लालू गांव की किराने की दुकान पर सामान लेने गए थे। आरोप है कि दुकान पर मौजूद नामजद आरोपियों ने एक राय होकर उनके साथ लाठी-डंडों से मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर आभा देवी मौके पर पहुंचीं और अपने देवर को बचाने का प्रयास किया। आरोप है कि इस दौरान उनके साथ भी मारपीट की गई। इसके बाद आरोपियों ने उनका पीछा करते हुए घर तक पहुंचकर गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। तहरीर मिलने के बाद रॉबर्ट्सगंज थाने में मुकदमा अपराध संख्या 734/2026 के तहत धारा 109(1), 191(2), 115(2), 352 और 351(3) बीएनएस में मामला दर्ज किया गया। मुकदमा दर्ज होते ही पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज कर दी थी।
पांचों नामजद आरोपी गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों में अनिल कुमार पाठक पुत्र स्व. महेश्वरी प्रसाद पाठक, उम्र 54 वर्ष, श्रीप्रकाश उर्फ शिवम पाठक पुत्र अनिल पाठक, उम्र 26 वर्ष, सुनील पाठक पुत्र स्व. महेश्वरी प्रसाद पाठक, उम्र 40 वर्ष, निलेश उर्फ राजन पाठक पुत्र नागेश्वर उर्फ बबलू पाठक, उम्र 32 वर्ष तथा पंकज त्रिपाठी उर्फ लिप्पू पुत्र स्व. जनार्दन प्रसाद, उम्र 40 वर्ष शामिल हैं। सभी आरोपी ग्राम बहुआर, थाना रॉबर्ट्सगंज, जनपद सोनभद्र के निवासी हैं।
गिरफ्तार करने वाली टीम
गिरफ्तारी और बरामदगी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक बृजेश सिंह, हेड कांस्टेबल विनोद भारती, हेड कांस्टेबल विष्णु शंकर उपाध्याय, कांस्टेबल सुनील कुमार और कांस्टेबल उत्तम पाण्डेय शामिल रहे। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की कार्रवाई की।


