TRENDING TAGS :
Sonbhadra News: सोनभद्र में दर्दनाक हादसा: हाइवा ने बाइक सवार दो युवकों को रौंदा, मौके पर ही मौत
Sonbhadra News: सोनभद्र में तेज रफ्तार हाइवा की चपेट में आने से बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
Sonbhadra News(Photo-Social Media)
Sonbhadra News: जनपद के चोपन थाना क्षेत्र के पटवध स्थित बस कटवा मोड़ के पास रविवार शाम हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की जान चली गई। पीछे से आए हाइवा ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर जा गिरे और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। मृतकों की पहचान सिंदुरिया निवासी गोविंद (32) पुत्र भूपेंद्र और राजू (27) के रूप में हुई।
राबर्ट्सगंज से चोपन की ओर निकले थे
मिली जानकारी के अनुसार दोनों युवक एक ही बाइक से राबर्ट्सगंज की ओर से चोपन जा रहे थे। बस कटवा मोड़ के पास पहुंचने के दौरान पीछे से आ रहे हाइवा ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। तेज टक्कर के कारण बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े। गंभीर चोटों के चलते उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
आवाज सुनकर दौड़े ग्रामीण
हाइवा और बाइक की टक्कर की तेज आवाज सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण और राहगीर घटनास्थल की तरफ दौड़ पड़े। कुछ ही देर में मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने पुलिस को सूचना देने के साथ ही घटना की जानकारी परिजनों तक पहुंचाने का प्रयास किया। दोनों युवकों की मौत से मौके पर कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
पुलिस ने कब्जे में लिए शव
सूचना मिलते ही चोपन पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस टीम ने मौके का निरीक्षण किया और दुर्घटना से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाई। प्रत्यक्षदर्शियों से भी घटना के संबंध में पूछताछ की गई। इसके बाद पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम समेत आगे की आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी।
दो घरों में पसरा मातम
घटना की जानकारी मिलते ही मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया। सिंदुरिया में भी शोक का माहौल है। परिजन घटना पर विश्वास नहीं कर पा रहे हैं। पुलिस हादसे की परिस्थितियों की जांच कर रही है और घटना से संबंधित अन्य तथ्यों को जुटाया जा रहा है।


