Sonbhadra News: आईटीआई दुद्धी में रोजगार का महाकुंभ, 95 युवाओं का अप्रेंटिस और नौकरी के लिए चयन

Sonbhadra News: राजकीय आईटीआई दुद्धी, सोनभद्र में आयोजित वृहद अप्रेंटिस एवं रोजगार मेले में 173 युवाओं ने भाग लिया। हिण्डालको रेनुकूट और जेबीएम गुजरात समेत बड़ी कंपनियों ने 95 अभ्यर्थियों का चयन नौकरी और प्रशिक्षण के लिए किया।

Mithilesh Dev Pandey
Published on: 15 May 2026 9:01 PM IST
Sonbhadra News: आईटीआई दुद्धी में रोजगार का महाकुंभ, 95 युवाओं का अप्रेंटिस और नौकरी के लिए चयन
X

Sonbhadra News

Sonbhadra News: तकनीकी शिक्षा हासिल कर रोजगार की तलाश में जुटे युवाओं के लिए शुक्रवार का दिन उम्मीदों भरी सौगात लेकर आया। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) दुद्धी परिसर में आयोजित वृहद अप्रेंटिस एवं रोजगार मेले में जिलेभर से पहुंचे युवाओं ने उत्साह के साथ प्रतिभाग किया। मेले में नामी औद्योगिक कंपनियों ने युवाओं का साक्षात्कार लेकर मौके पर ही चयन किया, जिससे पूरे परिसर में खुशी और उत्साह का माहौल बना रहा।

रोजगार मेले में प्रमुख रूप से हिण्डालको प्राइवेट लिमिटेड रेनुकूट सोनभद्र और जेबीएम प्राइवेट लिमिटेड गुजरात की टीमों ने भाग लिया। कंपनियों के प्रतिनिधियों ने प्रशिक्षार्थियों को अपने संस्थानों की कार्यप्रणाली, कार्य संस्कृति, उत्पादन व्यवस्था, प्रशिक्षण प्रक्रिया, स्टाइपेंड और वेतनमान से जुड़ी विस्तृत जानकारी दी। युवाओं ने भी कंपनियों के अधिकारियों से रोजगार संबंधी विभिन्न सवाल पूछकर जानकारी हासिल की।आईटीआई प्रशासन के अनुसार मेले में कुल 173 अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया। इलेक्ट्रिशियन, फिटर, वेल्डर और कोपा समेत विभिन्न ट्रेडों के प्रशिक्षार्थियों ने अपनी तकनीकी दक्षता और हुनर का प्रदर्शन किया। चयन प्रक्रिया के दौरान अभ्यर्थियों की योग्यता, तकनीकी जानकारी और व्यवहारिक क्षमता का परीक्षण किया गया।

प्रारंभिक चयन प्रक्रिया के बाद हिण्डालको प्राइवेट लिमिटेड रेनुकूट द्वारा 63 तथा जेबीएम प्राइवेट लिमिटेड गुजरात द्वारा 32 प्रशिक्षार्थियों का चयन अप्रेंटिस एवं रोजगार के लिए किया गया। इस प्रकार कुल 95 युवाओं को रोजगार और प्रशिक्षण का अवसर प्राप्त हुआ। चयनित अभ्यर्थियों के चेहरे पर सफलता की खुशी साफ दिखाई दी।प्रधानाचार्य रविन्द्र पटेल ने कहा कि संस्थान युवाओं को तकनीकी शिक्षा के साथ रोजगार से जोड़ने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि ऐसे रोजगार मेले युवाओं को सीधे उद्योगों से जोड़ने का सशक्त माध्यम बन रहे हैं और इससे प्रशिक्षार्थियों को अपने कौशल के अनुरूप बेहतर अवसर प्राप्त हो रहे हैं।इस अवसर पर नोडल प्रधानाचार्य रविन्द्र पटेल, प्लेसमेंट ऑफिसर विनोद कुमार यादव, प्लेसमेंट लिपिक अश्वनी कुमार पाण्डेय सहित संस्थान के समस्त कर्मचारी उपस्थित रहे।

Shalini singh

Shalini singh

Mail ID - Shalinisingh34678346@gmail.com

Next Story