Sonbhadra News: नौकरी के नाम पर 55 लाख की ठगी, आरोपी गिरफ्तार

Sonbhadra News: रेलवे और एफसीआई में भर्ती का झांसा देकर युवाओं से वसूले रुपये, फर्जी नियुक्ति पत्र बांटकर फैलाया नेटवर्क, पुलिस ने मोबाइल और बाइक के साथ आरोपी को पकड़ा।

Mithilesh Dev Pandey
Published on: 27 Nov 2026 6:26 PM IST
55 lakh fraud in the name of job, accused arrested
X

नौकरी के नाम पर 55 लाख की ठगी, आरोपी गिरफ्तार (Photo- Newstrack)

Sonbhadra News: सोनभद्र रेलवे और भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) में नौकरी दिलाने का सपना दिखाकर बेरोजगार युवाओं से लाखों रुपये ऐंठने वाले शातिर जालसाज को रायपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। खुद को रेलवे के डीआरएम का स्टेनो बताकर लोगों को अपने जाल में फंसाने वाला आरोपी कूटरचित प्रवेश पत्र और नियुक्ति पत्र तैयार कराता था। शुरुआती जांच में उत्तर प्रदेश के सात से आठ लोगों से करीब 55 लाख रुपये की धोखाधड़ी किए जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस ने आरोपी को बुढिवार पुलिया के पास से गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एक एंड्रायड मोबाइल फोन और होंडा साइन मोटरसाइकिल बरामद की है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रायपुर गांव निवासी मनोज कुमार पाण्डेय के रूप में हुई है। वह थाना रायपुर का हिस्ट्रीशीटर भी है।

आठ लाख से अधिक रुपये लेकर थमाया फर्जी नियुक्ति पत्र

पुलिस के अनुसार, मामले का खुलासा देवरिया जिले के ग्राम सिरवनीयां, पोस्ट कंचनपुर निवासी दयानंद शर्मा की शिकायत के बाद हुआ। उन्होंने 26 नवंबर को रायपुर थाने में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि रायपुर निवासी मनोज कुमार पाण्डेय पुत्र विरेन्द्र बहादुर पाण्डेय और उसके सहयोगियों ने उन्हें भारतीय खाद्य निगम में असिस्टेंट (एजी-III) के पद पर नौकरी दिलाने का भरोसा दिया था। इसके एवज में कुल 10 लाख रुपये की मांग की गई थी। आरोपियों के झांसे में आकर उन्होंने अलग-अलग किस्तों में नकद और बैंक खाते के माध्यम से कुल आठ लाख 14 हजार रुपये दे दिए।

रुपये लेने के बाद आरोपियों ने इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस की मदद से तैयार किया गया कथित प्रवेश पत्र और नियुक्ति पत्र उन्हें सौंप दिया। बाद में दस्तावेजों की सत्यता पर संदेह होने पर दयानंद शर्मा ने जांच-पड़ताल की तो धोखाधड़ी की आशंका गहरा गई। उन्होंने शेष दो लाख रुपये देने से इनकार करते हुए अपनी रकम वापस मांगी। आरोप है कि इस पर उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई। शिकायत के आधार पर रायपुर थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी थी।

खुद को रेलवे के डीआरएम का स्टेनो बताकर फैलाया जाल

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी नौकरी दिलाने के नाम पर लोगों को अपने प्रभाव में लेने के लिए खुद को रेलवे के डीआरएम का स्टेनो बताता था। वह रेलवे और भारतीय खाद्य निगम में नौकरी लगवाने का झांसा देकर बेरोजगार युवाओं और उनके परिजनों से रुपये वसूलता था। इसके लिए कूटरचित प्रवेश पत्र और नियुक्ति पत्र तैयार कराए जाते थे, ताकि अभ्यर्थियों को नौकरी मिलने का भरोसा हो सके। आरोपी का नेटवर्क उत्तर प्रदेश के अलावा राजस्थान और बिहार तक फैला होने की जानकारी मिली है। देवरिया, सोनभद्र के रायपुर और राबर्ट्सगंज क्षेत्र के कुछ लोगों को भी निशाना बनाए जाने की बात सामने आई है।

अब तक उत्तर प्रदेश में सात से आठ लोगों के साथ करीब 55 लाख रुपये की धोखाधड़ी किए जाने की जानकारी पुलिस को मिली है। पुलिस अन्य पीड़ितों और आरोपी के सहयोगियों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है। हालांकि, धोखाधड़ी की कुल रकम और पीड़ितों की संख्या की विस्तृत पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

हिस्ट्रीशीटर के खिलाफ पहले से दर्ज हैं कई मुकदमे

गिरफ्तार मनोज कुमार पाण्डेय थाना रायपुर का हिस्ट्रीशीटर है। उसकी हिस्ट्रीशीट संख्या 36ए है। पुलिस के मुताबिक वह गुण्डा नियंत्रण अधिनियम के तहत भी कार्रवाई का सामना कर चुका है। उसके खिलाफ रायपुर, राबर्ट्सगंज और देवरिया जिले के तरकुलवा थाने में धोखाधड़ी, कूटरचना, धमकी और अन्य धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। इसके अतिरिक्त वर्ष 2020 में सड़क दुर्घटना और विद्युत अधिनियम तथा वर्ष 2022 में भारतीय दंड संहिता एवं इंडियन मेडिकल काउंसिल एक्ट से संबंधित मामले भी दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी की गतिविधियों और आपराधिक इतिहास को देखते हुए उसके नेटवर्क की पड़ताल की जा रही है।

सुबह घेराबंदी कर दबोचा, न्यायालय भेजा गया आरोपी

पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल और क्षेत्राधिकारी सदर सुधीर कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक रायपुर विजय कुमार चौरसिया के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की। वांछित आरोपी मनोज कुमार पाण्डेय को 27 नवंबर की सुबह करीब 7:40 बजे बुढिवार पुलिया के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। उसके कब्जे से एक इस्तेमाल किया हुआ एंड्रायड मोबाइल फोन और एक होंडा साइन मोटरसाइकिल बरामद हुई है।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार चौरसिया, उपनिरीक्षक उमाशंकर गिरि, मुख्य आरक्षी शशिकान्त यादव, धर्मेन्द्र कुमार और राजीव कुमार तथा आरक्षी संजय कुमार, अंश राजपूत और आसुतोष शामिल रहे। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए उसे न्यायालय भेज दिया है। साथ ही नौकरी के नाम पर ठगी के इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

Mithilesh Dev Pandey
ABOUT THE AUTHOR

Mithilesh Dev Pandey

mithilesh.sonbhadra@gmail.com
Next Story