TRENDING TAGS :
Sonbhadra News: कनहर बांध में मचा जलसैलाब, 14 फाटक खुला, नदी किनारे गांवों में हाई अलर्ट
Sonbhadra News: तेज बारिश से कनहर बांध का जलस्तर बढ़ा तो 14 फाटक खोलकर पानी छोड़ा गया, शाम को 10 फाटकों से निकासी जारी रही, ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह।
कनहर बांध में मचा जलसैलाब, 14 फाटक खुला, नदी किनारे गांवों में हाई अलर्ट (Photo- Newstrack)
Sonbhadra News: सोनभद्र। कनहर बांध के जलग्रहण क्षेत्र में तेज बारिश के बाद पानी की आवक अचानक बढ़ गई। देखते ही देखते बांध का जलस्तर 263.100 मीटर तक पहुंच गया। बढ़ते दबाव को देखते हुए सिंचाई विभाग ने बांध के 14 फाटक खोलकर पानी की निकासी शुरू कर दी। हालांकि देर शाम पानी की आवक नियंत्रित होने पर 10 फाटकों से पानी छोड़ा जा रहा था। जलस्तर में लगातार उतार-चढ़ाव के कारण विभागीय अमला पूरी तरह अलर्ट रहा।
तेज आवक ने बढ़ाई बांध पर निगरानी
परियोजना के अवर अभियंता नंदलाल यादव और नीरज प्रजापति के अनुसार बुधवार सुबह करीब 11 बजे तक बांध के नौ गेट खुले हुए थे। इस बीच जलस्तर तेजी से बढ़ने लगा तो एहतियातन पांच और फाटक खोल दिए गए। इसके बाद कुल 14 फाटकों से पानी की निकासी की गई। क्रेस्ट लेवल 263.100 मीटर दर्ज होने के बाद बांध की स्थिति पर लगातार नजर रखी गई।
24 घंटे निगरानी, तकनीकी टीम तैनात
बांध की सुरक्षा को लेकर सिंचाई विभाग ने निगरानी और तेज कर दी है। इंजीनियरों और तकनीकी कर्मचारियों की टीम चौबीसों घंटे बांध की गतिविधियों पर नजर रख रही है। कंट्रोल रूम से जलस्तर और पानी की आवक की लगातार जानकारी जुटाई जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक जलस्तर और आवक के अनुसार बांध के सभी 16 फाटकों को आवश्यकता के मुताबिक क्रमवार खोला और बंद किया जा रहा है।
दोपहर में 14 गेट, शाम को 10 से निकासी
दोपहर के समय पानी की आवक अधिक होने के कारण 14 फाटक खोलने पड़े। शाम तक आवक नियंत्रित हुई तो पानी की निकासी 10 फाटकों से की जाने लगी। विभागीय अधिकारी लगातार बदलती स्थिति का आकलन कर रहे हैं, ताकि जलस्तर बढ़ने की स्थिति में तत्काल आवश्यक कदम उठाए जा सकें।
नदी किनारे जाने से बचें, बच्चों पर रखें नजर
बांध से पानी छोड़े जाने के मद्देनजर नदी किनारे रहने वाले ग्रामीणों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी स्थिति में नदी के किनारे अनावश्यक रूप से न जाएं। बच्चों को नदी और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रखने की भी हिदायत दी गई है। पानी का बहाव तेज होने की आशंका के चलते लापरवाही भारी पड़ सकती है।
बांध देखने उमड़ी भीड़, विभाग ने बढ़ाई चौकसी
कनहर बांध में बढ़ते जलस्तर और फाटकों से पानी छोड़े जाने की खबर फैलते ही आसपास के लोग बांध का नजारा देखने पहुंचने लगे। इसे देखते हुए भी विभाग सतर्क है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि उत्सुकता में जोखिम वाले स्थानों तक न जाएं। सिंचाई विभाग ने संभावित परिस्थितियों से निपटने के लिए जरूरी तैयारियां पूरी रखने का दावा किया है। फिलहाल बांध के जलस्तर और पानी की आवक पर लगातार निगाह रखी जा रही है।


