Sonbhadra News: खेत की जुताई बनी खूनी जंग, पूर्व प्रधान पर फरसे से हमला; भाई समेत तीन घायल

Sonbhadra News: सोनभद्र के दुद्धी क्षेत्र में जमीन के पुराने विवाद के बीच खेत की जुताई को लेकर दो पक्षों में संघर्ष हुआ। पूर्व प्रधान समेत तीन लोग घायल हुए, पुलिस तहरीर का इंतजार कर रही है।

Mithilesh Dev Pandey
Published on: 12 July 2026 4:57 PM IST
Land Dispute
X

खेत की जुताई बनी खूनी जंग, पूर्व प्रधान पर फरसे से हमला; भाई समेत तीन घायल (Photo- Newstrack)

Sonbhadra News: सोनभद्र जनपद के दुद्धी कोतवाली क्षेत्र के कादल गांव में रविवार सुबह जमीन के पुराने विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। खेत की जुताई को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते लाठी-डंडों के साथ धारदार हथियार चलने लगे। हमले में गांव के पूर्व प्रधान समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद दो घायलों की नाजुक हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।

जुताई को लेकर भड़का विवाद

परिजनों के अनुसार पूर्व प्रधान शिव प्रसाद अपने परिजनों के साथ रविवार सुबह खेत पर पहुंचे थे। आरोप है कि उसी दौरान उनके पटीदार विवादित जमीन पर ट्रैक्टर से जुताई कर रहे थे। परिवार का कहना है कि संबंधित भूमि पर वर्षों से उनकी खेती होती रही है और स्वामित्व को लेकर मामला न्यायालय में विचाराधीन है। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो कुछ ही देर में खूनी संघर्ष में बदल गई।

लाठी-डंडों के बाद फरसे से किया हमला

घायलों की बेटी विनीता और पुत्र धनंजय ने आरोप लगाया कि विरोधी पक्ष के लोगों ने पहले लाठी-डंडों से हमला किया और बाद में फरसे से ताबड़तोड़ वार कर दिया। हमले में पूर्व प्रधान शिव प्रसाद (65), उनके छोटे भाई देवनंदन (60) तथा पुत्र धनंजय (25) गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों किसी तरह मौके से निकलकर उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे।

दो की हालत गंभीर, जिला अस्पताल रेफर

सीएचसी में चिकित्सकों ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया। जांच के दौरान पूर्व प्रधान शिव प्रसाद और उनके भाई देवनंदन के सिर में गंभीर चोट मिलने पर दोनों को बेहतर इलाज के लिए तत्काल जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। धनंजय का उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में किया गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ अस्पताल पहुंच गई।

तहरीर का इंतजार, कार्रवाई की तैयारी

दुद्धी कोतवाल धर्मेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी पुलिस को मिली है, लेकिन अभी तक किसी पक्ष की ओर से लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू करते हुए दोषियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे प्रकरण पर नजर बनाए हुए है।

Mithilesh Dev Pandey
ABOUT THE AUTHOR

Mithilesh Dev Pandey

mithilesh.sonbhadra@gmail.com
Next Story