Sonbhadra News: सोनभद्र में वकीलों का प्रदर्शन, लखनऊ लाठीचार्ज को बताया न्यायपालिका पर सीधा हमला

Sonbhadra News: सोनभद्र में अधिवक्ताओं ने लखनऊ लाठीचार्ज के विरोध में बैठक कर पुलिस कार्रवाई की निंदा की और उच्चस्तरीय जांच की मांग उठाई।

Mithilesh Dev Pandey
Published on: 18 May 2026 3:41 PM IST
Sonbhadra News
X

Sonbhadra News(Photo-Social Media)

Sonbhadra News: लखनऊ में अधिवक्ताओं पर हुए पुलिस लाठीचार्ज के विरोध में सोमवार को रॉबर्ट्सगंज कचहरी परिसर स्थित डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन सभागार में अधिवक्ताओं की आपात बैठक आयोजित की गई। बैठक में घटना की कड़ी निंदा करते हुए इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन बताया गया। अधिवक्ताओं ने मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने, दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्रवाई करने तथा घायल अधिवक्ताओं के समुचित उपचार की मांग की।

‘अधिवक्ताओं पर हमला, संविधान पर प्रहार’

बैठक को संबोधित करते हुए डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष जगजीवन सिंह एडवोकेट ने कहा कि अधिवक्ता समाज न्याय व्यवस्था का महत्वपूर्ण स्तंभ है। अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से प्रदर्शन कर रहे वकीलों पर जिस प्रकार पुलिस ने बल प्रयोग किया, वह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है। उन्होंने कहा कि यह हमला केवल अधिवक्ताओं पर नहीं, बल्कि संविधान और न्यायपालिका की गरिमा पर सीधा प्रहार है। इस घटना से पूरे प्रदेश का अधिवक्ता समाज आक्रोशित है और सोनभद्र के अधिवक्ता इसे कतई बर्दाश्त नहीं करेंगे।

उच्चस्तरीय जांच और एफआईआर की मांग

पूर्व वरिष्ठ उपाध्यक्ष पीके सिंह एडवोकेट ने कहा कि लखनऊ की घटना ने अधिवक्ता समाज को झकझोर दिया है। उन्होंने मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराकर दोषी अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

‘पुलिस की कार्रवाई तानाशाहीपूर्ण’

उपाध्यक्ष संतोष कुमार यादव एडवोकेट ने कहा कि पुलिस की कार्रवाई पूरी तरह तानाशाहीपूर्ण और अलोकतांत्रिक है। उन्होंने कहा कि सरकार को तत्काल हस्तक्षेप करते हुए लाठीचार्ज के लिए जिम्मेदार अधिकारियों को निलंबित करना चाहिए। साथ ही घायल अधिवक्ताओं के बेहतर इलाज की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जानी चाहिए। बैठक की अध्यक्षता पूर्व अध्यक्ष जगजीवन सिंह एडवोकेट ने की, जबकि संचालन पूर्व महामंत्री प्रदीप कुमार मौर्य एडवोकेट ने किया। बैठक में बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे और सभी ने एक स्वर में घटना की निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इस दौरान अधिवक्ता राजेश कुमार यादव, पवन कुमार सिंह, रियाज खान, विनीत श्रीवास्तव, रामगुल्ली यादव, टीटू कुमार गुप्ता, शाहनवाज आलम खान, कामता प्रसाद यादव, आदर्श देव पांडेय, सुरेश सिंह कुशवाहा, नवीन पांडेय, विनीता, चंद्रकला गिरी, सरस्वती देवी सहित कई अधिवक्ता उपस्थित रहे।

Anjali Soni

Anjali Soni

Mail ID - theanjalisonisoni111@gmail.com

Next Story