Sonbhadra News: धर्म परिवर्तन के दबाव का आरोप, चार लोगों पर FIR दर्ज

Sonbhadra News: जेल में बंद युवक से शादी के मामले में नया मोड़, युवती ने धर्म बदलने से इनकार करने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया।

Mithilesh Dev Pandey
Published on: 24 Nov 2026 5:53 PM IST
FIR filed against four people accused of pressure to convert
X

धर्म परिवर्तन के दबाव का आरोप, चार लोगों पर FIR दर्ज (Photo- Social Media)

Sonbhadra News: सोनभद्र जनपद में शादी का भरोसा देकर युवती के शारीरिक शोषण और उसके गर्भवती होने के बाद धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने का मामला अब नया मोड़ ले चुका है। पहले युवती की शिकायत पर युवक को जेल भेजा गया और अब उसके परिवार के चार सदस्यों पर धर्म बदलकर शादी करने के लिए दबाव डालने तथा विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगा है। पीड़िता की तहरीर पर अनपरा पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शक्तिनगर थाना क्षेत्र की रहने वाली युवती ने सोमवार को अनपरा थाने में शिकायत देकर बताया कि रेणुसागर निवासी सलीम कुरैशी ने कई महीनों तक शादी करने का भरोसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। इसी दौरान वह गर्भवती हो गई। इसकी जानकारी युवती की मां को हुई तो उन्होंने अनपरा थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सलीम को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।

गिरफ्तारी के बाद परिवार के सदस्यों पर आरोप

युवती की ताजा शिकायत में मामला केवल सलीम तक सीमित नहीं रहा। उसका आरोप है कि सलीम के जेल जाने के बाद उसके परिवार और परिचितों की ओर से उससे संपर्क किया जाने लगा। बातचीत के दौरान धर्म परिवर्तन कर शादी करने की बात कही गई। युवती ने पुलिस को बताया कि इस सिलसिले में सलीम के भाई कलीम कुरैशी, बहन रिजवाना और आफरीन तथा नूरिया मोहल्ला निवासी रिश्तेदार नुरूल आफरीन ने उस पर दबाव बनाया।

अपनी बात पर कायम रहने पर मिली धमकी

पीड़िता के मुताबिक, उसने साफ कर दिया था कि वह शादी के लिए अपना धर्म नहीं बदलेगी। इसके बावजूद उससे बार-बार इसी शर्त पर बात की जाती रही। युवती ने बताया कि जेल में सलीम से मुलाकात के दौरान भी धर्म परिवर्तन के बाद ही शादी करने की बात कही गई। उसे एक मौलवी के पास ले जाने का प्रस्ताव भी दिया गया। आरोप है कि उसकी असहमति के बाद जान से मारने की धमकी दी गई।

चार लोगों के खिलाफ दर्ज हुई प्राथमिकी

लगातार दबाव और धमकियों से परेशान युवती ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की। अनपरा थाना प्रभारी राजेश जी चौबे के अनुसार, सोमवार रात कलीम कुरैशी, रिजवाना, आफरीन और नुरूल आफरीन के खिलाफ धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम समेत अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है। शिकायत में लगाए गए आरोपों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Mithilesh Dev Pandey
ABOUT THE AUTHOR

Mithilesh Dev Pandey

mithilesh.sonbhadra@gmail.com
Next Story