Sonbhadra News: सोनभद्र में 48 घंटे में बरामद हुई नाबालिग, आरोपी युवक गिरफ्तार

Sonbhadra News: ओबरा पुलिस ने नाबालिग किशोरी को सकुशल बरामद कर आरोपी को दबोचा। जांच में युवक का आपराधिक इतिहास भी सामने आया, आगे की कार्रवाई जारी।

Mithilesh Dev Pandey
Published on: 11 Jun 2026 5:11 PM IST
Minor recovered in Sonbhadra in 48 hours, accused youth arrested
X

सोनभद्र में 48 घंटे में बरामद हुई नाबालिग, आरोपी युवक गिरफ्तार (Photo- Newstrack)

Sonbhadra News: सोनभद्र। जनपद की ओबरा पुलिस ने नाबालिग किशोरी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने के मामले का सफल खुलासा करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर किशोरी को सकुशल बरामद कर परिजनों को राहत पहुंचाई है। कार्रवाई के दौरान आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है, जिससे उसके खिलाफ पहले दर्ज मुकदमों की जानकारी मिली है।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक नगर अनिल कुमार और क्षेत्राधिकारी ओबरा अमित कुमार के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक सदानंद राय के नेतृत्व में गठित टीम ने मामले का सफल अनावरण किया।

मां की शिकायत पर दर्ज हुआ था गंभीर मुकदमा

पुलिस के अनुसार 9 जून 2026 को थाना ओबरा क्षेत्र की एक महिला ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उसकी 17 वर्षीय पुत्री को सद्दाम कुरैशी पुत्र इकबाल कुरैशी निवासी गुरमा, थाना चोपन बहला-फुसलाकर अपने साथ भगा ले गया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

महिला की तहरीर के आधार पर थाना ओबरा में मु0अ0सं0-128/2026 के तहत धारा 87, 137(2), 65(1), 64(2)एम बीएनएस तथा 5एल/6 पॉक्सो एक्ट में अभियोग पंजीकृत किया गया।

मुखबिर की सूचना पर बिछाया जाल, भागने की कोशिश में पकड़ा गया आरोपी

मुकदमा दर्ज होते ही पुलिस टीम ने किशोरी की तलाश और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए अभियान शुरू कर दिया। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों की मदद से लगातार सुरागरसी की जा रही थी।

इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी किशोरी के साथ बग्घानाला जिला पंचायत बैरियर के पास मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर आरोपी भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन सतर्क पुलिसकर्मियों ने पीछा कर उसे दबोच लिया।

सकुशल बरामद हुई किशोरी, परिवार ने ली राहत की सांस

गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अपहृत किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया। किशोरी के सुरक्षित मिलने के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए किशोरी को संरक्षण में लिया और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

आरोपी की खुली आपराधिक फाइल

गिरफ्तार आरोपी सद्दाम कुरैशी (23 वर्ष) का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। पुलिस अभिलेखों के अनुसार उसके खिलाफ पहले भी दो मुकदमे दर्ज हैं।

वर्ष 2023 में थाना ओबरा में धारा 60 आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज हुआ था।

इसी वर्ष थाना ओबरा में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत भी उसके खिलाफ कार्रवाई की गई थी।

पुलिस अब आरोपी के आपराधिक इतिहास और अन्य गतिविधियों की भी जांच कर रही है।

इन पुलिसकर्मियों ने निभाई अहम भूमिका

इस सफल कार्रवाई में उपनिरीक्षक राम सिंह यादव, हेड कांस्टेबल नीरज राय, महिला कांस्टेबल दीक्षा तिवारी तथा महिला कांस्टेबल सरिता सरोज की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस टीम की त्वरित कार्रवाई और सतर्कता के चलते नाबालिग किशोरी को सुरक्षित बरामद किया जा सका।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि महिलाओं और बच्चों से जुड़े अपराधों के प्रति जनपद पुलिस पूरी तरह संवेदनशील है। ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई जारी रहेगी और अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

Mithilesh Dev Pandey
ABOUT THE AUTHOR

Mithilesh Dev Pandey

Next Story