Sonbhadra News: 11 दिन से लापता महिला का जंगल में मिला नरकंकाल, पहचान हुई

Sonbhadra News: सोनभद्र के जंगल में मिला महिला का नरकंकाल, 11 दिन पहले घर से हुई थी लापता। साड़ी, चप्पल और पायल से परिजनों ने की पहचान, जांच जारी।

Mithilesh Dev Pandey
Published on: 30 May 2026 10:04 PM IST
Woman missing for 11 days found in jungle, identified
X

11 दिन से लापता महिला का जंगल में मिला नरकंकाल, पहचान हुई (Photo- Newstrack)

Sonbhadra News: सोनभद्र। जनपद के बीजपुर थाना क्षेत्र के धरतीडाड़ गांव स्थित मोटकी मुकुट पहाड़ी के जंगल में शनिवार सुबह एक महिला का नरकंकाल मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। जंगल में मवेशी चराने गए चरवाहों की नजर नाले के किनारे बिखरी हुई मानव अस्थियों पर पड़ी। भयभीत ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की।

ये है पूरा मामला

पुलिस पड़ताल में सामने आया कि नरकंकाल म्योरपुर थाना क्षेत्र के झानी पाथर गांव निवासी 32 वर्षीय पार्वती का है, जो करीब 11 दिन पहले संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई थी। जानकारी के अनुसार पार्वती घर से म्योरपुर बाजार जाने की बात कहकर निकली थी, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटी। परिजनों ने अपने स्तर से काफी तलाश की, मगर उसका कोई सुराग नहीं मिला।

महिला के पति विनोद कुमार उस समय रोज़गार के सिलसिले में बाहर थे। पत्नी के अचानक गायब होने की सूचना मिलने पर वह घर लौटे और रिश्तेदारों तथा परिचितों के यहां खोजबीन की। लगातार प्रयासों के बावजूद जब कोई जानकारी नहीं मिली तो उन्होंने 19 मई को म्योरपुर थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई।

शनिवार को जंगल में नरकंकाल मिलने की सूचना पर म्योरपुर और बीजपुर पुलिस सक्रिय हुई। सूचना मिलते ही पार्वती के परिजन भी मौके पर पहुंचे। घटनास्थल पर पड़े कपड़ों, चप्पल और पायल को देखकर पार्वती की मां धनपतियां देवी ने उसकी पहचान की। परिजनों की शिनाख्त के बाद पुलिस ने बिखरी अस्थियों को एकत्र कर कब्जे में लिया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। वहीं पिपरी क्षेत्राधिकारी हर्ष पांडेय ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की प्रगति का जायजा लिया और अधिकारियों को हर पहलू की गहन पड़ताल करने के निर्देश दिए।

पुलिस ने बताया

बीजपुर थानाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह ने बताया कि नरकंकाल की पहचान कर ली गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के आधार पर मौत के कारणों का पता लगाया जाएगा। पुलिस हत्या, दुर्घटना और अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ा रही है। जंगल में मिले इस नरकंकाल ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं, जिनके जवाब अब जांच रिपोर्ट से सामने आने की उम्मीद है।

Shashi kant gautam

Shashi kant gautam

Publisher Mail ID - skgautam1208@gmail.com

Experienced Hindi Journalist with 6 Years of Experience

Next Story