TRENDING TAGS :
Sonbhadra Youth Murder: जाम के बाद खून का खेल, रिश्तेदारों ने साबड़ से ली जान, तीनों कातिल गिरफ्तार
Sonbhadra: जुगैल थाना क्षेत्र में हुए युवक हत्याकांड का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर चौंकाने वाला खुलासा कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
Sonbhadra Crime News (Social Media).jpg
Sonbhadra Crime News: जनपद के जुगैल थाना क्षेत्र में हुए युवक हत्याकांड का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर चौंकाने वाला खुलासा कर दिया। इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि इस जघन्य वारदात को अंजाम देने वाले कोई और नहीं, बल्कि मृतक के अपने ही दूर के रिश्तेदार निकले। पुलिस ने तेजी दिखाते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उन्हें न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे भेजा जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अनिल कुमार तथा क्षेत्राधिकारी ओबरा अमित कुमार के पर्यवेक्षण में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जुगैल थाना पुलिस को यह बड़ी सफलता हाथ लगी। अधिकारियों के निर्देशन में गठित टीमों ने सुनियोजित तरीके से कार्रवाई करते हुए पूरे मामले का खुलासा किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 28/29 अप्रैल 2026 की रात पीआरवी के माध्यम से सूचना मिली कि ग्राम कुड़ारी में सड़क किनारे एक युवक का शव संदिग्ध अवस्था में पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतक की पहचान बल्लू कोल (28) पुत्र प्यारेलाल, निवासी ग्राम कुड़ारी के रूप में हुई। शव की स्थिति देखकर प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हुआ, जिसके बाद पुलिस ने गंभीरता से जांच आगे बढ़ाई।
जांच के दौरान जो तथ्य सामने आए, वे बेहद चौंकाने वाले थे। पुलिस के अनुसार, मृतक के दूर के रिश्तेदार महेन्द्र उर्फ डब्लू, पवन उर्फ कुरइया और प्रीतम ने आपसी विवाद और शराब के दौरान हुए कहासुनी के बाद बल्लू को अपने घर बुलाया। वहां तीनों ने मिलकर लोहे के शाबल से उस पर कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपियों ने साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को सड़क किनारे फेंक दिया, ताकि घटना को दुर्घटना का रूप दिया जा सके।
इस मामले में थाना जुगैल पर मुकदमा संख्या 45/2026 के तहत धारा 103(1), 238(a), 3(5) बीएनएस में अभियोग पंजीकृत किया गया। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तत्काल दो पुलिस टीमें गठित की गईं, जिन्होंने अलग-अलग संभावित ठिकानों पर दबिश दी।
पुलिस की मुस्तैदी और सटीक रणनीति के चलते महज 24 घंटे के भीतर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। फिलहाल पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी:
महेन्द्र उर्फ डब्लू पुत्र स्वर्गीय अमृत
पवन उर्फ कुरइया पुत्र महेन्द्र
प्रीतम पुत्र महेन्द्र
निवासी: ग्राम कुड़ारी, थाना जुगैल, जनपद सोनभद्र
मूल निवासी: ग्राम केवटली, चितावल थाना गढ़वा, जनपद सिंगरौली (मध्य प्रदेश)
यह घटना एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर करती है कि छोटी-छोटी बातों पर बढ़ता विवाद और नशे की हालत किस तरह इंसान को इतना अंधा बना देता है कि वह अपने ही रिश्तों का खून करने से भी पीछे नहीं हटता।


