Sonbhadra News: एनसीएल डीजल चोरी मामले में पांच आरोपी गिरफ्तार, 70 लीटर बरामद

Sonbhadra News: शक्तिनगर पुलिस ने एनसीएल सुरक्षा कर्मियों के साथ कार्रवाई कर सिंगरौली के पांच लोगों को पकड़ा। चोरी का डीजल, उपकरण, पाइप और बोलेरो कैम्पर जब्त कर जांच आगे बढ़ाई।

Mithilesh Dev Pandey
Published on: 12 Nov 2026 7:49 PM IST
Five accused arrested
X

एनसीएल डीजल चोरी मामले में पांच आरोपी गिरफ्तार, 70 लीटर बरामद (Photo- Newstrack)

Sonbhadra News: सोनभद्र जनपद में एनसीएल की खदानों और परिसरों से डीजल चोरी करने वाले गिरोह पर शक्तिनगर पुलिस ने शिकंजा कस दिया है। पुलिस ने सुनियोजित कार्रवाई करते हुए पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से चोरी का करीब 70 लीटर डीजल, चोरी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण, पाइप और एक बोलेरो कैम्पर वाहन बरामद किया गया है। इस कार्रवाई से डीजल चोरी के धंधे में लगे लोगों में खलबली मच गई है।

पुलिस के मुताबिक, जिले में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शक्तिनगर पुलिस ने एनसीएल के सुरक्षा अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ मिलकर यह कार्रवाई की। गिरफ्तार किए गए सभी आरोपित मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों के निवासी हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गिरोह कब से इस गतिविधि में शामिल था और चोरी के डीजल को कहां खपाया जाता था।

सिंगरौली के पांच आरोपित पुलिस के हत्थे चढ़े

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान प्रितेश कुमार (35) पुत्र लक्ष्मण प्रसाद निवासी ग्राम पोखरा, थाना बरगवां, राजेश यादव (24) पुत्र जगनारायण यादव निवासी ग्राम धवई, थाना चितरंगी, मारतन सिंह (23) पुत्र पुरुषोत्तम सिंह निवासी ग्राम चमरर्खोड़ गोरवी, थाना सिंगरौली, रामगोबिन्द यादव (25) पुत्र रामजियावन यादव निवासी ग्राम जीर, थाना माड़ा और राजेन्द्र कुशवाहा (32) पुत्र रघुनाथ प्रसाद निवासी ग्राम घरौली कला, थाना नवानगर के रूप में हुई है। सभी आरोपी जिला सिंगरौली, मध्य प्रदेश के रहने वाले हैं।

डीजल निकालने के उपकरण और पाइप भी बरामद

पुलिस की कार्रवाई में करीब 70 लीटर चोरी का डीजल बरामद हुआ है। इसके अलावा डीजल निकालने में इस्तेमाल किए जाने वाले उपकरण और पाइप भी मिले हैं। आरोपितों द्वारा घटना में इस्तेमाल की जा रही बोलेरो कैम्पर को भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। बरामद सामान से स्पष्ट है कि डीजल चोरी के लिए वाहन और विशेष उपकरणों का इस्तेमाल किया जा रहा था। हालांकि, चोरी की घटनाओं की संख्या और गिरोह के अन्य संभावित सदस्यों को लेकर पुलिस की जांच जारी है।

पांचों के खिलाफ मुकदमा दर्ज, आगे की जांच जारी

इस मामले में थाना शक्तिनगर में मुकदमा अपराध संख्या 195/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2), 317(2) और 3(5) में अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस गिरफ्तार आरोपितों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई की निगरानी अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) मेविस टॉक और क्षेत्राधिकारी पिपरी हर्ष पाण्डेय कर रहे थे। गिरफ्तारी करने वाली टीम में शक्तिनगर के प्रभारी निरीक्षक सत्येन्द्र कुमार राय, बीना चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक घनश्याम तिवारी और कांस्टेबल सत्यम सरोज शामिल रहे। एनसीएल सुरक्षा कर्मियों के सहयोग से हुई इस कार्रवाई को क्षेत्र में डीजल चोरी पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Mithilesh Dev Pandey
ABOUT THE AUTHOR

Mithilesh Dev Pandey

mithilesh.sonbhadra@gmail.com
Next Story