TRENDING TAGS :
Sonbhadra News: रेलवे पटरी किनारे मिली नवजात बच्ची, चाइल्ड हेल्पलाइन ने बचाई जान
Sonbhadra News: चुर्क के कुरा गांव में रेलवे ट्रैक किनारे असुरक्षित हालत में मिली मासूम को चाइल्ड हेल्पलाइन और पुलिस ने रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज जारी है।
रेलवे पटरी किनारे मिली नवजात बच्ची, चाइल्ड हेल्पलाइन ने बचाई जान (Photo- Newstrack)
Sonbhadra News: इंसानियत को शर्मसार करने वाली एक घटना में रॉबर्ट्सगंज क्षेत्र के चुर्क स्थित ग्राम कुरा में रेलवे ट्रैक के किनारे एक नवजात बालिका जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष करती मिली। जन्म के कुछ ही समय बाद मासूम को इस तरह असुरक्षित हालत में छोड़ दिए जाने की सूचना ने संवेदनशील लोगों को झकझोर दिया। गनीमत रही कि समय रहते इसकी जानकारी चाइल्ड हेल्पलाइन तक पहुंच गई। सूचना मिलते ही टीम ने डायल 112 पुलिस के साथ मौके पर पहुंचकर बालिका को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार किया जा रहा है।
सूचना मिलते ही हरकत में आई टीम
घटना की जानकारी प्राप्त होते ही चाइल्ड हेल्पलाइन सोनभद्र की टीम ने बिना देर किए रेस्क्यू की कार्रवाई शुरू कर दी। जिलाधिकारी चर्चित गौर के संरक्षण तथा जिला प्रोबेशन अधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह भदौरिया के निर्देशन में बच्चों के संरक्षण और सुरक्षा के लिए संचालित प्रयासों के तहत टीम ने पुलिस की मदद से तत्काल घटनास्थल पर पहुंचने की पहल की। मौके पर चाइल्ड हेल्पलाइन के परियोजना समन्वयक मुकेश कुमार सिंह, सुपरवाइजर अंशु गिरि और सुधा गिरि डायल 112 की पुलिस टीम के साथ पहुंचे। संयुक्त टीम ने रेलवे ट्रैक के किनारे मिली नवजात बालिका को सावधानीपूर्वक सुरक्षित निकाला। इसके बाद उसकी जान की सुरक्षा और स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक कदम उठाए गए।
अस्पताल में चिकित्सकों की निगरानी में मासूम
रेस्क्यू के बाद परियोजना समन्वयक मुकेश कुमार सिंह ने बालिका को चिकित्सकीय परीक्षण और उपचार के लिए रॉबर्ट्सगंज स्थित अस्पताल में भर्ती कराया। फिलहाल नवजात बालिका चिकित्सकों की देखरेख में है। उसके स्वास्थ्य को लेकर आवश्यक चिकित्सकीय निगरानी की जा रही है। समय पर सूचना मिलने और चाइल्ड हेल्पलाइन तथा पुलिस की तत्परता से मासूम को सुरक्षित चिकित्सकीय सहायता मिल सकी।
मुसीबत में फंसे बच्चों के लिए 1098 पर दें सूचना
चाइल्ड हेल्पलाइन की ओर से बताया गया कि असुरक्षित, बेसहारा, परित्यक्त और संकट में फंसे बच्चों को तत्काल सहायता तथा वैधानिक संरक्षण उपलब्ध कराना प्राथमिक जिम्मेदारी है। ऐसी परिस्थितियों में आम लोगों की जागरूकता और समय पर दी गई सूचना किसी बच्चे के जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
परियोजना समन्वयक मुकेश कुमार सिंह ने जनसामान्य से अपील की कि कहीं भी कोई नवजात शिशु अथवा बच्चा लावारिस, असुरक्षित या संकटपूर्ण स्थिति में दिखाई दे तो उसे अनदेखा न करें। तत्काल चाइल्ड हेल्पलाइन के टोल फ्री नंबर 1098 अथवा पुलिस हेल्पलाइन 112 पर सूचना दें, जिससे जरूरतमंद बच्चे तक समय रहते सहायता पहुंचाई जा सके।
बच्चे को छोड़ने के बजाय अपनाएं कानूनी रास्ता
मुकेश कुमार सिंह ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा और उनके बेहतर भविष्य की जिम्मेदारी केवल सरकारी विभागों तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति का भी दायित्व है। यदि कोई माता-पिता अथवा परिवार किसी कारणवश बच्चे की परवरिश करने में सक्षम नहीं है तो उसे असुरक्षित स्थान पर छोड़ना या उसकी जिंदगी खतरे में डालना किसी भी स्थिति में उचित नहीं है। ऐसे मामलों में बाल कल्याण समिति अथवा चाइल्ड हेल्पलाइन के माध्यम से वैधानिक प्रक्रिया के तहत संरक्षण और सहायता प्राप्त की जा सकती है।
रेलवे ट्रैक के किनारे मिली इस मासूम की जिंदगी बचाने में समय पर मिली सूचना और संयुक्त टीम की सक्रियता अहम साबित हुई। यह घटना एक बार फिर संदेश देती है कि संकट में फंसे किसी बच्चे को देखकर चुप रहना नहीं, बल्कि उसकी मदद के लिए आगे आना ही सच्ची मानवता है। कभी-कभी किसी की एक छोटी-सी सूचना किसी मासूम को नया जीवन देने का जरिया बन जाती है।


