Sonbhadra News: तालाब-नाले में डूबने से दो मौतें, बाघा और कुंडी नाले में मिले शव

Sonbhadra News: सोनभद्र में तालाब और कुंडी नाले में डूबने से दो लोगों की मौत हो गई। दोनों घटनाओं के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

Mithilesh Dev Pandey
Published on: 16 Aug 2026 1:45 PM IST
Sonbhadra News
X

Sonbhadra News(Photo-Social Media)

Sonbhadra News: जिले में रविवार को पानी में डूबने की दो अलग-अलग घटनाओं ने सनसनी फैला दी। राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के बहुअरा निवासी इंद्रदेव यादव उर्फ बाघा (45) की भटौलिया गांव के तालाब में डूबने से मौत हो गई। वहीं रामपुर बरकोनियां थाना क्षेत्र में कुंडी नाले से 21 वर्षीय युवक का शव बरामद होने से इलाके में हड़कंप मच गया। दोनों मामलों में पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही साफ हो सकेगी।

तालाब किनारे पैर छूते रहे बाघा, कुछ देर बाद पानी में मिला शव

राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के बहुअरा गांव निवासी इंद्रदेव यादव उर्फ बाघा पुत्र स्वर्गीय बाघा यादव रविवार सुबह भटौलिया गांव स्थित तालाब के पास पहुंचा था। ग्रामीणों के मुताबिक उसकी मानसिक स्थिति पिछले कुछ दिनों से ठीक नहीं थी और वह असामान्य व्यवहार कर रहा था। तालाब के पास मौजूद लोगों के पैर छूने के बाद वह कुछ दूरी पर चला गया।

ग्रामीण उसकी हरकतों को देखकर आपस में बातचीत करने लगे। इसी बीच कुछ समय बीतने पर लोगों को बाघा की याद आई। उसकी तलाश शुरू हुई तो तालाब के पानी में उसका शरीर दिखाई दिया। ग्रामीणों ने बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। घटना ने इसलिए भी लोगों को झकझोर दिया कि मृतक की भतीजी का शव भी कुछ दिन पहले एक कुएं से बरामद हुआ था। लगातार हुई इन घटनाओं से परिवार और ग्रामीणों में गहरा मातम है।

कुंडी नाले में मिला युवक का शव, घर से निकला था और फिर नहीं लौटा

उधर, रामपुर बरकोनियां थाना क्षेत्र के सोढ़ा गांव के मेन रोड स्थित सोढ़ा मोड़ के पास कुंडी नाले में रविवार सुबह पानी में एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव दिखाई देने की खबर फैलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए। सूचना पर पुलिस भी पहुंची और शव को बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया।

काफी प्रयास के बाद मृतक की पहचान भरत धांगर (21) पुत्र प्रदीप धांगर, निवासी सिलथम के रूप में हुई। परिजनों के मुताबिक भरत शनिवार शाम घर से निकला था। इसके बाद वह कुंडी नाले तक कैसे पहुंचा और पानी में उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जानकारी किसी को नहीं है। रविवार सुबह शव मिलने की खबर घर पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। भरत दो भाइयों में छोटा था और अभी अविवाहित था। थानाध्यक्ष राजसिंहासन शर्मा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मौत डूबने से हुई या इसके पीछे कोई अन्य कारण है, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा।

Mithilesh Dev Pandey
ABOUT THE AUTHOR

Mithilesh Dev Pandey

mithilesh.sonbhadra@gmail.com
Next Story