TRENDING TAGS :
Sonbhadra News: एनएच-39 पर टक्कर में बाइक सवार की मौत, चेचिस को ग्रामीणों ने रेलवे क्रॉसिंग पर घेरा
Sonbhadra News: सोनभद्र में एनएच-39 पर टक्कर के बाद बाइक सवार की मौके पर मौत हो गई। भागते चेचिस को ग्रामीणों ने रेलवे क्रॉसिंग पर घेर लिया।
Sonbhadra News(Photo-Social Media)
Sonbhadra News: जनपद के विंढमगंज थाना क्षेत्र में एनएच-39 पर शुक्रवार को तेज टक्कर ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। कोलिन्डूबा ग्राम पंचायत में मेदनी खांड लैम्पस के सामने नए चेचिस और मोटरसाइकिल की भिड़ंत में बाइक सवार अगस्त कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर के बाद चेचिस चालक वाहन लेकर वहां से निकल गया, लेकिन कुछ ही दूरी पर रेलवे क्रॉसिंग गेट नंबर 50 के पास ग्रामीणों की सक्रियता से उसे रोक लिया गया।
जोरदार टक्कर से सड़क पर गिरा बाइक सवार
प्रत्यक्षदर्शी कोलिन्डूबा निवासी बंधु राम के मुताबिक चेचिस और मोटरसाइकिल दोनों विंढमगंज की ओर से दुद्धी जा रहे थे। वह सड़क किनारे मवेशियों को चारा दे रहे थे। इसी दौरान अचानक तेज आवाज सुनाई दी। मौके पर पहुंचे तो एक व्यक्ति सड़क पर पड़ा मिला। आसपास के लोगों को बुलाकर मदद की कोशिश की गई। इसी बीच चेचिस चालक वाहन लेकर वहां से आगे निकल गया। घटना की जानकारी फैलते ही ग्रामीणों ने वाहन को रोकने की कोशिश शुरू कर दी। प्रशासन और ग्रामीणों की सक्रियता से रेलवे क्रॉसिंग गेट नंबर 50 के पास चेचिस को रोक लिया गया। पुलिस ने वाहन और चालक को अपने कब्जे में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।
चालक ने बताई टक्कर की अलग स्थिति
चेचिस चालक प्रिंस कुमार ने पुलिस को बताया कि मोटरसाइकिल पहले एक कार से टकराई और इसके बाद चेचिस के पिछले पहिये की ओर आ गई। इसी दौरान बाइक वाहन की चपेट में आ गई। हालांकि घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने के लिए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
जेब में मिले आधार कार्ड से हुई पहचान
मृतक की पहचान अगस्त कुमार पुत्र राजेंद्र राम, निवासी धनराडीह, मकड़ी भवनाथपुर के रूप में बताई गई है। पुलिस के अनुसार मृतक की जेब से मिले आधार कार्ड के आधार पर उसकी पहचान की गई। दुर्घटनाग्रस्त मोटरसाइकिल संख्या यूपी64 एवी 2936 को विंढमगंज पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। सूचना मिलते ही विंढमगंज थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी मर्चरी हाउस भेज दिया। घटना के संबंध में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
हाईवे पर सावधानी ही सबसे बड़ा बचाव
घटना के बाद पुलिस ने वाहन चालकों से हाईवे पर गति सीमा का पालन करने, वाहनों के बीच पर्याप्त दूरी रखने और जल्दबाजी में ओवरटेकिंग से बचने की अपील की है। दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनकर ही सफर करने तथा रात और व्यस्त मार्गों पर विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।


