Sonbhadra News: सफाई कर्मियों को दिया नया नाम, पिपरी में ‘दोस्त-मित्र’ कहलाएंगे स्वच्छता योद्धा

Sonbhadra News: सोनभद्र के पिपरी में सफाई कर्मियों को नया सम्मानजनक नाम ‘दोस्त-मित्र’ दिया गया, उन्हें स्वच्छता योद्धा के रूप में सम्मान मिला।

Mithilesh Dev Pandey
Published on: 18 Sept 2026 6:44 PM IST
Sonbhadra News
X

Sonbhadra News(Photo-Social Media)

Sonbhadra News: जिले के नगर पंचायत पिपरी में स्वच्छता व्यवस्था को संभालने वाले सफाई कर्मियों के लिए शुक्रवार का दिन अलग पहचान लेकर आया। रोजमर्रा की सफाई व्यवस्था में जुटे इन कर्मियों को अब सिर्फ सफाई कर्मी के रूप में नहीं, बल्कि ‘दोस्त-मित्र’ के नाम से जाना जाएगा। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने शुक्रवार को इस नई पहल की शुरुआत करते हुए सफाई कर्मियों को ट्रैकसूट और जूते वितरित किए। नई वेशभूषा पहनकर जब सफाई कर्मी जिलाधिकारी के साथ एक जगह बैठे तो माहौल में सम्मान और अपनत्व का भाव साफ नजर आया।

नाम के साथ बदली पहचान, पहनावे में भी आया बदलाव

नगर पंचायत की स्वच्छता व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले कर्मियों को एक अलग और सम्मानजनक पहचान देने के उद्देश्य से ‘दोस्त-मित्र’ पहल शुरू की गई है। इसके तहत सफाई कर्मियों को एक जैसी वेशभूषा उपलब्ध कराई गई, ताकि उनके काम के साथ उनकी पहचान भी स्पष्ट दिखाई दे। ट्रैकसूट और जूते मिलने के बाद सफाई कर्मियों में उत्साह नजर आया। जिलाधिकारी ने उनके साथ बैठकर बातचीत की और सामूहिक फोटो भी खिंचाई।

डीएम ने कहा, स्वच्छता के पीछे इनका श्रम

जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कहा कि किसी भी शहर को साफ-सुथरा और व्यवस्थित रखने में सफाई कर्मियों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। आमजन जब स्वच्छ वातावरण में अपने दिन की शुरुआत करता है, उसके पीछे इन कर्मियों की नियमित मेहनत होती है। धूप, गर्मी और मौसम की परवाह किए बिना वे अपने दायित्व का निर्वहन करते हैं। ऐसे में उनके काम के प्रति सम्मान और सामाजिक अपनत्व का भाव मजबूत होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि ‘दोस्त-मित्र’ नाम देने के पीछे उद्देश्य सफाई कर्मियों के प्रति सम्मान की भावना को बढ़ाना है। एक जैसी वेशभूषा से उनकी अलग पहचान भी बनेगी और लोगों को स्वच्छता व्यवस्था में उनकी भूमिका को समझने में मदद मिलेगी।

संवाद के दौरान कार्यों की सराहना

कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने सफाई कर्मियों से सीधे संवाद किया। उन्होंने उनकी समस्याओं और कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी ली तथा नगर की सफाई व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक सुझाव भी दिए। उन्होंने सफाई कर्मियों से अपने दायित्व को इसी लगन के साथ निभाने का आह्वान किया। अधिकारियों ने भी कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें कर्मचारियों के साथ नागरिकों की भागीदारी भी जरूरी है।

नई वेशभूषा में सफाई कर्मियों के जिलाधिकारी के साथ बैठने और सामूहिक तस्वीर खिंचवाने का दृश्य कार्यक्रम का खास आकर्षण रहा। पहल से सफाई कर्मियों में अपने काम और पहचान को लेकर उत्साह दिखाई दिया। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) वागीश कुमार शुक्ला, नगर पंचायत पिपरी अध्यक्ष दिग्विजय सिंह समेत संबंधित अधिकारी और नगर पंचायत के सफाई कर्मी मौजूद रहे।

Mithilesh Dev Pandey
ABOUT THE AUTHOR

Mithilesh Dev Pandey

mithilesh.sonbhadra@gmail.com
Next Story