TRENDING TAGS :
Sonbhadra News: खनन माफिया पर पुलिस का एक्शन, गैंगस्टर एक्ट में 8 गिरफ्तार, 3 वाहन सीज
Sonbhadra News: राबर्ट्सगंज, हाथीनाला और करमा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में गैंगस्टर एक्ट के 8 आरोपित गिरफ्तार हुए, तीन वाहन सीज किए गए और अवैध खनन पर सख्ती बढ़ाई गई।
खनन माफिया पर पुलिस का एक्शन, गैंगस्टर एक्ट में 8 गिरफ्तार, 3 वाहन सीज : (Photo- Newstrack)
Sonbhadra News: सोनभद्र जिले में संगठित अपराध, अवैध खनन और खनन माफियाओं के खिलाफ सोनभद्र पुलिस ने शुक्रवार को बड़ी और समन्वित कार्रवाई करते हुए गैंगस्टर एक्ट में वांछित आठ आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। राबर्ट्सगंज, हाथीनाला और करमा थाना पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए गैंगस्टर गिरोहों पर एक साथ शिकंजा कसा। सबसे बड़ी कार्रवाई राबर्ट्सगंज क्षेत्र में हुई, जहां अवैध खनन और अवैध खनिज परिवहन से जुड़े सक्रिय पासर गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार करने के साथ उनके कब्जे से प्रयुक्त तीन चारपहिया वाहनों को भी सीज कर दिया गया।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षकों के पर्यवेक्षण तथा संबंधित क्षेत्राधिकारियों के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। पुलिस का कहना है कि जिले में संगठित अपराध और अवैध खनन के खिलाफ आगे भी इसी तरह लगातार सख्त अभियान जारी रहेगा।
राबर्ट्सगंज में खनन पासर गिरोह की कमर तोड़ी
राबर्ट्सगंज पुलिस और एसओजी टीम ने मुखबिर की सूचना पर चुर्क कॉलोनी के पास से गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में वांछित चार आरोपितों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपितों में अरमान खान, आरिफ खान, रंजीत कुमार उर्फ नेता यादव तथा दिनेश्वर केशरी उर्फ भोनू केशरी शामिल हैं। पुलिस जांच में सामने आया कि सभी आरोपी अवैध खनन और अवैध खनिज परिवहन के माध्यम से संगठित गिरोह बनाकर लंबे समय से आर्थिक लाभ अर्जित कर रहे थे और कई गंभीर आपराधिक घटनाओं में शामिल रहे हैं।
पुलिस टीम पर ट्रक चढ़ाने की थी कोशिश
पुलिस के अनुसार 12 सितंबर 2025 को जिला खनिज कार्यालय के सर्वेक्षक योगेश शुक्ला एवं पुलिस टीम गिट्टी और बालू का परिवहन कर रहे वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान आरोपितों ने पुलिस और खनिज विभाग की टीम पर ट्रक चढ़ाकर जान से मारने का प्रयास किया। इतना ही नहीं, चेकिंग बैरियर तोड़कर ट्रकों को तेज रफ्तार में गलत दिशा से भगाया गया, जिससे सड़क पर अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया था। इस घटना के संबंध में राबर्ट्सगंज थाने में गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। इसी मामले के आधार पर बाद में गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई की गई।
तीन चारपहिया वाहन भी हुए सीज
गिरफ्तारी के दौरान आरोपित जिन तीन चारपहिया वाहनों का इस्तेमाल कर रहे थे, उनके संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। पुलिस ने नियमानुसार तीनों वाहनों को सीज कर दिया। पुलिस का मानना है कि इन वाहनों का उपयोग अवैध खनिज परिवहन और गिरोह की गतिविधियों में किया जाता था।
आरोपितों का लंबा आपराधिक इतिहास
गिरफ्तार चारों आरोपितों पर पहले से कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। इनमें सरकारी कार्य में बाधा, लोक संपत्ति को नुकसान पहुंचाना, अवैध खनन, खनिज चोरी, धोखाधड़ी, फर्जी दस्तावेज तैयार करना, हत्या के प्रयास, आपराधिक षड्यंत्र, गैंगस्टर एक्ट और अन्य गंभीर धाराएं शामिल हैं।
अरमान खान के खिलाफ वर्ष 2020 से लेकर 2026 तक आठ मुकदमे दर्ज हैं। वहीं आरिफ खान के खिलाफ अवैध खनन और गैंगस्टर एक्ट समेत तीन मुकदमे दर्ज हैं। रंजीत कुमार उर्फ नेता यादव के खिलाफ दो तथा दिनेश्वर केशरी उर्फ भोनू केशरी के खिलाफ चार आपराधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपी संगठित गिरोह के सक्रिय सदस्य रहे हैं।
हाथीनाला पुलिस ने दो गैंगस्टर दबोचे
विशेष अभियान के तहत हाथीनाला पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में वांछित आलम तथा वकील को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया। दोनों आरोपी करमा थाना क्षेत्र के करकी माइंस इलाके के रहने वाले हैं और लंबे समय से फरार चल रहे थे। पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी की।
करमा पुलिस ने भी दिखाई सख्ती
करमा थाना पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में वांछित सुरेश मौर्या तथा सनोज यादव उर्फ पगल यादव को बहेरा नहर पुलिया के पास से गिरफ्तार किया। मुखबिर की सूचना पर की गई कार्रवाई के बाद दोनों आरोपितों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
तीनों थानों की संयुक्त कार्रवाई से अपराधियों में मचा हड़कंप
राबर्ट्सगंज, हाथीनाला और करमा पुलिस की एक साथ हुई कार्रवाई से अवैध खनन और संगठित अपराध से जुड़े गिरोहों में हड़कंप मच गया है। पुलिस का कहना है कि जिले में माफिया, गैंगस्टर और संगठित अपराधियों के खिलाफ अभियान और तेज किया जाएगा। अपराधियों की अवैध संपत्तियों, संसाधनों और आर्थिक नेटवर्क पर भी लगातार कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का संदेश—अपराधियों के लिए नहीं बचेगी कोई जगह
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने कहा कि जनपद में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों, अवैध खनन माफिया और संगठित अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है। अपराध चाहे कितना भी संगठित क्यों न हो, कानून से बचना अब संभव नहीं होगा। पुलिस की यह कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।


