Sonbhadra News: ऑपरेशन शिकंजा: वाहन चोर गिरोह पर पुलिस का कसा शिकंजा, 8 बाइक बरामद, 2 गिरफ्तार

Sonbhadra News: चोपन और बीजपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 8 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद हुईं। दो शातिर वाहन चोर गिरफ्तार, फरार साथियों की तलाश जारी।

Mithilesh Dev Pandey
Published on: 14 Jun 2026 6:51 PM IST
Operation Shikanja: Police crack down on vehicle thief gang Shikanja, recover 8 bikes, arrest 2
X

ऑपरेशन शिकंजा: वाहन चोर गिरोह पर पुलिस का कसा शिकंजा, 8 बाइक बरामद, 2 गिरफ्तार (Photo- Newstrack)

Sonbhadra News: सोनभद्र। जिले में वाहन चोरी की बढ़ती घटनाओं के बीच सोनभद्र पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वाहन चोर गिरोह पर करारा प्रहार किया है। थाना चोपन और बीजपुर पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई में दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे और निशानदेही पर कुल आठ चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। पुलिस की इस कार्रवाई से वाहन चोर गिरोह में हड़कंप मच गया है, जबकि फरार साथियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह सफलता मिली। अभियान की निगरानी अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अनिल कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल, क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा तथा क्षेत्राधिकारी दुद्धी राजेश कुमार राय द्वारा की जा रही थी।

चोपन पुलिस ने बैगा टोला में दबोचा शातिर चोर

थाना चोपन पुलिस 13/14 जून की रात वैष्णो डाला मंदिर के समीप बैगा टोला मार्ग पर संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर बिना नंबर प्लेट लगी अपाची मोटरसाइकिल के साथ एक युवक को रोककर पूछताछ की गई।

सत्यापन में मोटरसाइकिल चोरी की निकली। इसके बाद पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर बैगा टोला क्षेत्र स्थित एक खंडहर मकान में छापेमारी कर तीन अन्य चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कर लीं। इस प्रकार थाना चोपन पुलिस ने कुल चार चोरी की बाइक बरामद कीं, जिनमें तीन अपाची और एक हीरो स्प्लेंडर शामिल है।

पूछताछ में खुला चोरी के नेटवर्क का राज

गिरफ्तार आरोपी राजेश गौड़ पुत्र हरिश्चन्द्र गौड़, निवासी गड़इडीह कस्बा चोपन, उम्र लगभग 20 वर्ष ने पूछताछ में बताया कि वह अपने साथियों राहुल गौड़, दीपक यादव और रोशन यादव के साथ मिलकर विभिन्न क्षेत्रों से मोटरसाइकिल चोरी करता था।

आरोपी ने बताया कि बरामद अपाची बाइक को बेचने के लिए बिहार ले जाया जा रहा था। उसकी निशानदेही पर अन्य चोरी की मोटरसाइकिलें भी बरामद हुईं। पुलिस अब गिरोह के फरार सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।

ई-चालान ऐप से किए गए सत्यापन में दो मोटरसाइकिलें थाना चोपन में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 0182/2026 एवं 0210/2026 धारा 303(2) बीएनएस से संबंधित पाई गईं। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध धारा 317(2) एवं 317(5) बीएनएस की बढ़ोत्तरी करते हुए न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

सीमा क्षेत्र में बीजपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई

दूसरी ओर थाना बीजपुर पुलिस ने 14 जून को मुखबिर की सूचना पर उत्तर प्रदेश-मध्य प्रदेश सीमा स्थित सिरसोती क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए रामदिहल प्रजापति को गिरफ्तार किया।

उसके कब्जे से चार चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद हुईं। इनमें एक अपाची आरटीआर बाइक ऐसी भी शामिल है, जिसके संबंध में मध्य प्रदेश के सिंगरौली जनपद के मोरवा थाने में मुकदमा दर्ज है।

बरामदगी के आधार पर थाना बीजपुर में मुकदमा अपराध संख्या 64/2026 धारा 317(2)/317(4) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा रहा है।

हिस्ट्रीशीटर निकला आरोपी, कई गंभीर मुकदमे दर्ज

पूछताछ में रामदिहल प्रजापति ने चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस के अनुसार आरोपी बीजपुर थाने का हिस्ट्रीशीटर अपराधी है और उसके खिलाफ पूर्व में कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं।

उसके विरुद्ध वर्ष 2019 में धारा 380/411, वर्ष 2020 में आर्म्स एक्ट तथा एनडीपीएस एक्ट, वर्ष 2023 में चोरी और आगजनी से जुड़े मामले तथा वर्ष 2025 में पुनः एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज हैं। 2 जून 2026 को उसके विरुद्ध गुंडा नियंत्रण अधिनियम के तहत भी कार्रवाई की गई थी।

8 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद

पुलिस ने कुल आठ चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं, जिनमें—

03 अपाची मोटरसाइकिल (थाना चोपन)

01 हीरो स्प्लेंडर (थाना चोपन)

01 अपाची आरटीआर (थाना बीजपुर)

01 होंडा ड्रीम योगा (थाना बीजपुर)

02 स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (थाना बीजपुर)

शुरुआती जांच में कई वाहनों के विभिन्न थानों में दर्ज चोरी के मामलों से जुड़े होने की पुष्टि हुई है।

इन पुलिसकर्मियों ने निभाई अहम भूमिका

थाना चोपन की कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक गोपाल जी गुप्ता, उपनिरीक्षक घनश्याम तिवारी, दुनिया सिंह, श्री प्रकाश, मुख्य आरक्षी सिताराम यादव, शिवसरण राम, अजय यादव तथा आरक्षी सच्चिदानन्द मिश्रा, श्रीकान्त, अनील कुमार और मन्टू सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

वहीं थाना बीजपुर की टीम में थानाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह, उपनिरीक्षक कमलाकांत पाण्डेय, मुख्य आरक्षी भानु प्रताप यादव तथा आरक्षी राम प्रकाश यादव, महिला आरक्षी रागिनी श्रीवास्तव और हरिन्द्र शामिल रहे।

सोनभद्र पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था को चुनौती देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Mithilesh Dev Pandey
ABOUT THE AUTHOR

Mithilesh Dev Pandey

Next Story