Sonbhadra News: सोनभद्र पुलिस ने ठगी के 3.10 लाख रुपये पीड़ित को लौटाए

Sonbhadra News: काम दिलाने के नाम पर हुई साइबर ठगी में सोनभद्र पुलिस ने तेजी से कार्रवाई कर 3.10 लाख रुपये होल्ड कराए और कानूनी प्रक्रिया के बाद रकम वापस कराई।

Mithilesh Dev Pandey
Published on: 21 Aug 2026 10:11 PM IST
Sonbhadra Police recover Rs 3.10 lakh from fraud victim
X

सोनभद्र पुलिस ने ठगी के 3.10 लाख रुपये पीड़ित को लौटाए (Photo- Newstrack)

Sonbhadra News: सोनभद्र। काम दिलाने का सुनहरा सपना दिखाकर गाढ़ी कमाई डकारने वाले साइबर ठगों की चालबाजी पर सोनभद्र पुलिस ने पानी फेर दिया है। रॉबर्ट्सगंज थाने की साइबर टीम ने अपनी फुर्ती और सटीक रणनीति के दम पर शातिर अपराधियों को तगड़ी मात दी। पुलिस ने न सिर्फ ठग के बैंक खाते में जमा पूरी रकम को फ्रीज कराया, बल्कि कानूनी कागजी कार्रवाई पूरी कर पीड़ित के ₹3,10,000 की शत-प्रतिशत धनराशि उसके मूल बैंक खाते में सुरक्षित वापस भी करा दी।

झांसे में लेकर RTGS से उड़ाई थी जिंदगी भर की कमाई

ठगी का यह सनसनीखेज मामला जिले के घोरावल थाना क्षेत्र का है। औड़ी मुड़िलाडीह निवासी पीड़ित अनुराग मिश्रा को एक जालसाज ने काम दिलाने का बड़ा लालच दिया। मीठी-मीठी बातों में उलझाकर आरोपी ने अनुराग को अपने झांसे में लिया और RTGS के माध्यम से अपने बैंक अकाउंट में ₹3,10,000 ट्रांसफर करवा लिए। पैसे हाथ में आते ही आरोपी मुकर गया। न तो पीड़ित को कोई काम मिला और न ही रकम वापस की गई। खुद को ठगा महसूस करने पर अनुराग ने तुरंत राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल (Cybercrime.gov.in) पर ऑनलाइन केस दर्ज कराया।

रॉबर्ट्सगंज पुलिस का क्विक एक्शन, बैंक अकाउंट कराया सीज

मामला सामने आते ही पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के कड़े निर्देशों पर रॉबर्ट्सगंज थाने की साइबर हेल्प डेस्क एक्शन मोड में आ गई। टीम ने बिना कोई वक्त गंवाए वित्तीय ट्रांजैक्शन की पड़ताल की और संबंधित बैंक अधिकारियों से संपर्क साधा। साइबर पुलिस की इस तेज घेराबंदी के चलते ठग के खाते में ट्रांसफर की गई पूरी ₹3.10 लाख की रकम को तत्काल 'होल्ड' करा दिया गया, जिससे आरोपी पैसे निकाल ही नहीं सका।

कोर्ट से हरी झंडी मिलते ही पीड़ित के खाते में क्रेडिट हुए पैसे

रकम ब्लॉक कराने के बाद पुलिस टीम ने कागजी प्रक्रिया तेज की। कोर्ट से रिलीजिंग ऑर्डर प्राप्त कर ईमेल के जरिए संबंधित बैंक को भेजा गया। साइबर पुलिस के लगातार दबाव और बैंक के सहयोग से 20 अगस्त को अनुराग मिश्रा के खाते में पूरी धनराशि री-क्रेडिट हो गई। अपनी डूबी हुई रकम वापस पाकर पीड़ित ने सोनभद्र पुलिस की कार्यप्रणाली का दिल से आभार जताया।

सफलता हासिल करने वाली पुलिस टीम

राम स्वरूप वर्मा (प्रभारी निरीक्षक, थाना रॉबर्ट्सगंज),दिन्नू प्रसाद यादव (निरीक्षक अपराध, थाना रॉबर्ट्सगंज),अभिषेक शुक्ला (कांस्टेबल, साइबर हेल्प डेस्क),प्रीतम (कांस्टेबल, साइबर हेल्प डेस्क)

ठगी होते ही घुमाएं 1930, तुरंत मिलेगी मदद

पुलिस प्रशासन ने नागरिकों को आगाह किया है कि अनजान व्यक्तियों के झांसे में आकर किसी भी खाते में पैसे ट्रांसफर न करें। यदि किसी के साथ डिजिटल धोखाधड़ी होती है, तो बिना समय गंवाए तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या www.cybercrime.gov.in पर अपनी शिकायत दर्ज कराएं। जितनी जल्दी पुलिस को सूचना मिलेगी, पैसे सुरक्षित वापस मिलने की संभावना उतनी ही अधिक रहेगी।

Mithilesh Dev Pandey
ABOUT THE AUTHOR

Mithilesh Dev Pandey

mithilesh.sonbhadra@gmail.com
Next Story