Sonbhadra News: एनडीपीएस के सात वांछितों पर पुलिस का शिकंजा, गिरफ्तारी पर 1.36 लाख का इनाम घोषित

Sonbhadra News: सोनभद्र पुलिस ने ऑपरेशन शुद्धि के तहत एनडीपीएस मामलों में वांछित सात आरोपितों पर कुल 1.36 लाख रुपये का इनाम घोषित किया है।

Mithilesh Dev Pandey
Published on: 8 Sept 2026 6:36 PM IST
Police reward of Rs 1.36 lakh announced on seven wanted NDPS suspects arrest
X

एनडीपीएस के सात वांछितों पर पुलिस का शिकंजा, गिरफ्तारी पर 1.36 लाख का इनाम घोषित (Photo- Newstrack)

Sonbhadra News: नशे के कारोबार और मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल वांछित आरोपितों के खिलाफ सोनभद्र पुलिस ने शिकंजा कस दिया है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने “ऑपरेशन शुद्धि” के तहत एनडीपीएस एक्ट के विभिन्न मामलों में वांछित चल रहे सात अभियुक्तों की गिरफ्तारी पर कुल 1.36 लाख रुपये का पुरस्कार घोषित किया है। पुलिस के मुताबिक लंबे समय से फरार चल रहे इन अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए संबंधित थाना पुलिस और टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए इनाम की घोषणा

पुलिस अधीक्षक ने वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी को लेकर संबंधित पुलिस टीमों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए हैं। पुलिस का प्रयास है कि एनडीपीएस एक्ट के मामलों में फरार चल रहे आरोपितों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया जाए। गिरफ्तारी नहीं होने के कारण अब इन आरोपितों पर पुरस्कार घोषित कर उनकी तलाश और तेज कर दी गई है।


चोपन और रॉबर्ट्सगंज के मामलों में वांछित

पुरस्कार घोषित किए गए अभियुक्तों में चोपन थाना क्षेत्र के मामलों में वांछित तीन तथा रॉबर्ट्सगंज थाना क्षेत्र के मामलों में वांछित तीन अभियुक्त शामिल हैं। वहीं ऋषभ सिंह उर्फ आदित्य उर्फ अंकुश के खिलाफ चोपन थाने में एनडीपीएस एक्ट के साथ बीएनएस की विभिन्न धाराओं में भी मुकदमा दर्ज है।

सबसे अधिक 25 हजार का इनाम मंजूर पर

रॉबर्ट्सगंज थाना क्षेत्र के मु0अ0सं0 09/2026 में वांछित मंजूर पुत्र करीमुल्ला निवासी उरमौरा, थाना रॉबर्ट्सगंज की गिरफ्तारी पर सबसे अधिक 25 हजार रुपये का पुरस्कार घोषित किया गया है। इसी मामले में गोपाल पुत्र अवधेश निवासी जैत पर 21 हजार रुपये तथा रामू पुत्र लक्षन निवासी उरमौरा पर 20 हजार रुपये का इनाम घोषित है। तीनों के खिलाफ धारा 8/21/29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है।

चोपन के चार आरोपित पुलिस की रडार पर

चोपन थाना क्षेत्र के मामलों में वांछित ऋषभ सिंह उर्फ आदित्य उर्फ अंकुश पुत्र शिवशंकर सिंह निवासी दूसोती, थाना चांदपुर, जनपद रायबरेली पर 20 हजार रुपये का पुरस्कार घोषित किया गया है। उसके खिलाफ मु0अ0सं0 247/2026 में धारा 8/20/27ए/29/60 एनडीपीएस एक्ट तथा बीएनएस की धाराओं 319(2), 318(4), 338, 336(3), 340(2), 61(2)ख के तहत मुकदमा दर्ज है।

वहीं मु0अ0सं0 319/2026 में वांछित सुनीता पत्नी सुधीर उर्फ छोटू निवासी डाला चढ़ाई, थाना चोपन पर 10 हजार रुपये, हाशिम पुत्र अनवर खान निवासी चूड़ी गली, डाला मार्केट, थाना चोपन पर 20 हजार रुपये और रमेश चन्द्रवंशी पुत्र स्वर्गीय द्वारिका चन्द्रवंशी निवासी डाला चढ़ाई, थाना चोपन पर 20 हजार रुपये का पुरस्कार घोषित किया गया है। तीनों के खिलाफ धारा 8/21/27ए/29/60 एनडीपीएस एक्ट तथा बीएनएस की धारा 111(2)(बी), 111(4) के तहत मुकदमा दर्ज है।


सूचना देने वालों की पहचान रहेगी गोपनीय

सोनभद्र पुलिस ने आमजन से अपील की है कि इन वांछित अभियुक्तों के संबंध में किसी भी प्रकार की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम और पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। पुलिस टीमों को अभियुक्तों की तलाश में लगातार प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

पुरस्कार घोषित अभियुक्तों में ऋषभ सिंह उर्फ आदित्य उर्फ अंकुश, रामू, गोपाल, मंजूर, सुनीता, हाशिम और रमेश चन्द्रवंशी शामिल हैं। पुलिस की इस कार्रवाई से एनडीपीएस मामलों में फरार चल रहे आरोपितों पर दबाव बढ़ गया है और उनकी गिरफ्तारी के लिए अभियान और तेज होने की उम्मीद है।

Mithilesh Dev Pandey
ABOUT THE AUTHOR

Mithilesh Dev Pandey

mithilesh.sonbhadra@gmail.com
Next Story