×

Sonbhadra: आस्था-उल्लास के साथ मनाया गया प्रकाशोत्सव, निकाली भव्य शोभायात्रा, हैरतअंगेज करतब ने मन मोहा

Guru Nanak Jayanti 2023 : प्रकाशोत्सव के उपलक्ष्य में बैंड-बाजे के साथ राबटर्सगंज शहर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इस दौरान जगह-जगह युवाओं की टोली अपने रणकौशल का प्रदर्शन करती रही। पंच प्यारे और अखंड साहिब की झांकी आकर्षण का केंद्र रही।

Kaushlendra Pandey
Published on: 27 Nov 2023 2:08 PM GMT
Guru Nanak Jayanti 2023
X

 प्रकाशोत्सव के उपलक्ष्य में सोनभद्र में निकली झांकियां (Social Media) 

Sonbhadra News: सिखों के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव की जयंती प्रकाश उत्सव के रूप में सोमवार (27 नवंबर) को श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई गई। गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा राबर्ट्सगंज में अखंड पाठ, शबद कीर्तन, आकर्षक सजावट के साथ ही, देर शाम नगर में भव्य प्रभातफेरी निकाली गई। लंगर का भी आयोजन किया गया। अखंड साहिब और पंच प्यारे की आकर्षण झांकी जहां आकर्षण का केंद्र रही। वहीं, युवाओं की टोली की तरफ से पीटी, आकर्षण मार्चपास्ट के साथ ही, युवाओं की तरफ से दिखाए गए हैरतअंगेज प्रदर्शन आकर्षण का केंद्र बने रहे।

जयंती के उपलक्ष्य में गुरुद्वारा साहिब को फूल-माला, झालर-बत्ती से सजाने के साथ ही, सुबह आकर्षक प्रभात फेरी निकाली गई। वहीं, जयंती पर आयोजित अखंड पाठ की समाप्ति के बाद वीर सिंह और दया सिंह की तरफ से भजन कीर्तन का गायन किया गया। पांवटा साहिब से आए रागी जत्था भाई जसविंदर सिंह और उनके साथियों की तरफ से शबद कीर्तन, कथा का गायन किया गया। सरदार जसबीर सिंह ने गुरु नानक देव के जीवन चरित्र और उनके कृतित्व पर प्रकाश डाला। लोगों से उनके द्वारा दिखाए गए सदाचरण के मार्ग पर चलने की अपील की। प्रसाद वितरण और लंगर के साथ, गुरुद्वारा में आयोजित कार्यक्रम का समापन किया गया।

तरह-तरह के करतब, छात्राओं का आकर्षक प्रदर्शन

वहीं, प्रकाशोत्सव के उपलक्ष्य में बैंड-बाजे के साथ राबटर्सगंज शहर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इस दौरान जगह-जगह युवाओं की टोली अपने रणकौशल का प्रदर्शन करती रही। पंच प्यारे और अखंड साहिब की झांकी पूरी शोभायात्रा में आकर्षण का केंद्र रही। इस दौरान गुरु नानक बालिका इंटर कॉलेज की छात्राओं की तरफ से पीटी व अन्य खेल का प्रदर्शन किया गया। मिर्जापुर से आई गतका पार्टी की तरफ तरह-तरह के खेल-करतब दिखाए गए। मुगलसराय, चंदौली, चकिया, अहरौरा, राजगढ़, चोपन, ओबरा आदि जगहों से आई संगत के साथ महिलाए,ं बच्चे, पुरुष ढोलक, चिमटा के साथ भजन कीर्तन करते आगे बढते रहे। शोभायात्रा में शामिल लोगों को जगह-जगह जलपान कराया जाता रहा। गुरुद्वारा साहब में शोभायात्रा की वापसी पर जमकर आतिशबाजी का प्रदर्शन किया गया।

आयोजन में इनकी रही अहम भूमिका

सरदार अजीत सिंह, दया सिंह, देवेंद्र सिंह भंडारी, परब्रह्म सिंह, चरणजीत सिंह, मनजीत सिंह, बलकार, अमन, रवि, सोनू, संतोष सिंह, तजिंदर पाल सिंह, काके, जसपाल सिंह, रणजीत सिंह, गुरविंदर सिंह, सरदार निरंजन सिंह आदि का आयोजन में अहम योगदान रहा। संचालन सरदार जसवीर सिंह ने किया ।

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story