Sonbhadra News: पत्नी को इस अवस्था में देख पति के पैरों तले खिसक गई जमीन, जांच में जुटी पुलिस

Sonbhadra News: सोनभद्र के बीजपुर क्षेत्र में गर्भवती महिला घर के बंद कमरे में रस्सी के सहारे लटकी मिली, पति के लौटने पर घटना का पता चला, पुलिस जांच में जुटी।

Mithilesh Dev Pandey
Published on: 24 Aug 2026 4:27 PM IST
Pregnant woman commits suicide by hanging
X

पत्नी को इस अवस्था में देख पति के पैरों तले खिसक गई जमीन, जांच में जुटी पुलिस (Photo- Newstrack)

Sonbhadra News: सोनभद्र।जनपद के बीजपुर थाना क्षेत्र के सिरसोती ग्राम सभा के पुनर्वास टोला में रविवार की रात उस समय सनसनी फैल गई, जब एक गर्भवती महिला संदिग्ध परिस्थितियों में घर के भीतर फंदे पर लटकी मिली। घर लौटे पति ने कमरे का दरवाजा बंद पाया। काफी देर तक आवाज देने के बाद भी कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई तो उसने किसी तरह ऊपर चढ़कर अंदर झांका। वहां पत्नी को रस्सी के सहारे लटका देखकर उसके होश उड़ गए। शोर सुनते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। घटना की सूचना पुलिस को दी गई।

मृतका की पहचान 22 वर्षीय खुशबू पत्नी सोनू कुमार भारती के रूप में हुई है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। महिला के गर्भवती होने की जानकारी सामने आने से घटना ने लोगों को और झकझोर दिया। हालांकि महिला ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया, इसका तत्काल स्पष्ट कारण सामने नहीं आ सका है।

बाजार गया पति, लौटते ही सामने आया खौफनाक दृश्य

पति सोनू कुमार के मुताबिक रविवार शाम वह बाजार जाने की बात कहकर घर से बाहर निकला था। कुछ समय बाद जब वह वापस लौटा तो घर का कमरा अंदर से बंद था। उसने पत्नी को आवाज दी और दरवाजा खुलवाने के लिए काफी देर तक खटखटाता रहा, लेकिन भीतर से कोई जवाब नहीं मिला। स्थिति असामान्य लगने पर उसने घर के ऊपर चढ़कर अंदर की ओर देखा। कमरे के भीतर का दृश्य देखकर उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। पत्नी रस्सी के सहारे बड़ेर में लटकी हुई थी।

पति के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर जुट गए। ग्रामीणों की मदद से तत्काल महिला को नीचे उतारा गया। इसके बाद पीआरबी-112 की सहायता से उसे एनटीपीसी रिहंद के धनवंतरी चिकित्सालय पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने कब्जे में लिया शव, पोस्टमार्टम के लिए भेजा

महिला की मौत की सूचना मिलते ही बीजपुर पुलिस सक्रिय हुई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई पूरी की और उसे धनवंतरी चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवा दिया। सोमवार को पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी भेज दिया।

घटना को लेकर पुलिस विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है। महिला की मौत के पीछे वास्तविक वजह क्या रही, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल घर के भीतर हुई इस संदिग्ध मौत को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।

गर्भवती महिला की मौत से उठे कई सवाल

युवती की संदिग्ध मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर ऐसी कौन सी परिस्थिति बनी कि महिला ने कथित तौर पर फांसी लगा ली? घटना से पहले उसके साथ क्या हुआ था और उसके मन में क्या चल रहा था, इसका जवाब फिलहाल सामने नहीं आया है। पुलिस मामले की तह तक पहुंचने के लिए उपलब्ध तथ्यों और परिस्थितियों को खंगाल रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत की वजह को लेकर स्थिति और साफ होने की उम्मीद है।

Mithilesh Dev Pandey
ABOUT THE AUTHOR

Mithilesh Dev Pandey

mithilesh.sonbhadra@gmail.com
Next Story