TRENDING TAGS :
Sonbhadra News: सोनभद्र में सड़क पर मौत का तांडव, बाइक भिड़ंत के बाद कार ने बुजुर्ग को रौंदा
Sonbhadra News: सोनभद्र के बभनी क्षेत्र में बाइक भिड़ंत के बाद सड़क पर गिरे बुजुर्ग को तेज रफ्तार कार ने रौंद दिया, इलाज के दौरान मौत से परिवार में कोहराम मच गया।
सोनभद्र में सड़क पर मौत का तांडव, बाइक भिड़ंत के बाद कार ने बुजुर्ग को रौंदा (Photo- Newstrack)
Sonbhadra News: सोनभद्र। जिले के बभनी थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। आर्यभट्ट स्कूल के पास हुई भीषण दुर्घटना में एक बुजुर्ग की जान चली गई। सड़क पर कुछ ही सेकेंड में ऐसा खौफनाक मंजर बना कि मौके पर मौजूद लोगों की चीखें निकल गईं। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए।
बाइक से बाइक की आमने सामने टक्कर
मृतक की पहचान भाटी महुआ गांव निवासी 58 वर्षीय लंका प्रजापति पुत्र छोटक राम के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह अपनी बाइक से बभनी की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि लंका प्रजापति सड़क पर जा गिरे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक वह उठ भी नहीं पाए थे कि पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार उन्हें कुचलते हुए निकल गई।
हादसे का दृश्य इतना भयावह था कि आसपास मौजूद लोग सन्न रह गए। स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े और पुलिस व एम्बुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलते ही बभनी पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल लंका प्रजापति को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बभनी ले जाया गया। जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
लापरवाह ड्राइविंग ले रहा लोगों की जान
घटना की खबर गांव पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों में भी हादसे को लेकर भारी नाराजगी देखने को मिली। लोगों का कहना है कि इलाके में बेलगाम रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग लगातार लोगों की जान ले रही है, लेकिन सड़क सुरक्षा को लेकर जिम्मेदार विभाग गंभीर नजर नहीं आ रहा।
प्रभारी निरीक्षक दिन्नु प्रसाद यादव ने बताया कि हादसे के बाद भाग रही कार को आसनडीह बॉर्डर से पकड़ लिया गया है। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।


