Sonbhadra News: सर्राफा कारोबारियों की बैठक, विदेशी मुद्रा बचत को लेकर लिया राष्ट्रहित में संकल्प

Sonbhadra News: सोनभद्र में प्रशासन और सर्राफा कारोबारियों की बैठक में विदेशी मुद्रा बचत और सोने के आयात को नियंत्रित करने पर चर्चा हुई, व्यापारियों ने सहयोग का संकल्प लिया।

Mithilesh Dev Pandey
Published on: 18 May 2026 8:21 PM IST
Sonbhadra News
X

Sonbhadra News(Photo-Social Media)

Sonbhadra News: वैश्विक आर्थिक अस्थिरता, युद्ध जैसे हालात और लगातार बढ़ते स्वर्ण आयात के बीच सोमवार को सोनभद्र में प्रशासन और सर्राफा कारोबारियों के बीच एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। कलेक्ट्रेट सभागार में हुई इस बैठक में जिलाधिकारी चर्चित गौड़ और पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने सर्राफा व्यापारियों, बुलियन कारोबारियों, राज्य कर विभाग के अधिकारियों तथा सर्राफा एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ विस्तार से चर्चा की। बैठक में देश की आर्थिक स्थिति, विदेशी मुद्रा भंडार पर बढ़ते दबाव और सोने के आयात को नियंत्रित करने जैसे मुद्दों पर गंभीर मंथन किया गया।

जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कहा कि भारत विश्व के सबसे बड़े स्वर्ण आयातक देशों में शामिल है, जिससे हर वर्ष बड़ी मात्रा में विदेशी मुद्रा सोने के आयात पर खर्च होती है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर युद्ध, वैश्विक अस्थिरता और डॉलर की बढ़ती मांग के कारण आयात लागत लगातार बढ़ रही है, जिसका सीधा असर देश के विदेशी मुद्रा भंडार पर पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि ऐसे समय में राष्ट्रहित सर्वोपरि है और हर नागरिक व व्यापारी वर्ग की जिम्मेदारी और अधिक बढ़ जाती है। यदि बुलियन यानी सोने-चांदी की ईंट और बिस्कुट की अनावश्यक खरीद-बिक्री तथा निवेश को सीमित किया जाए तो विदेशी मुद्रा की बड़ी बचत की जा सकती है। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने सोने की बढ़ती कीमतों पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में स्वर्ण की कीमतों में लगातार वृद्धि हुई है, जिसका असर आम जनता और बाजार व्यवस्था दोनों पर पड़ रहा है। उन्होंने सुझाव दिया कि अनावश्यक बुलियन निवेश को कम करके देश की आर्थिक स्थिति को मजबूत किया जा सकता है।

प्रशासन की ओर से यह भी स्पष्ट किया गया कि सरकार का उद्देश्य व्यापारिक गतिविधियों को प्रभावित करना नहीं है, बल्कि राष्ट्रहित में संतुलित आर्थिक व्यवस्था बनाए रखना है। बैठक में मौजूद सर्राफा व्यापारियों और एसोसिएशन प्रतिनिधियों ने प्रशासन की अपील का स्वागत करते हुए पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। व्यापारियों ने कहा कि सोनभद्र में अधिकांश कारोबार आभूषणों की खरीद-बिक्री पर आधारित है और वे शासन-प्रशासन के दिशा-निर्देशों का हमेशा पालन करते रहे हैं।

व्यापारियों ने यह भी कहा कि वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों को देखते हुए वे आम लोगों को भी अनावश्यक बुलियन निवेश से बचने के लिए जागरूक करेंगे। बैठक के अंत में प्रशासन और व्यापारियों ने राष्ट्रहित, आर्थिक आत्मनिर्भरता और मौजूदा अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों पर विस्तार से चर्चा की। सभी व्यापारियों ने सामूहिक रूप से संकल्प लिया कि वे प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की अपील के अनुरूप कार्य करते हुए राष्ट्रहित में पूर्ण सहयोग प्रदान करेंगे।

Anjali Soni

Anjali Soni

Mail ID - theanjalisonisoni111@gmail.com

Next Story