Sonbhadra News: शादी से लौट रहे युवक को अज्ञात वाहन ने रौंदा, खुशियों के बीच पसरा मातम

Sonbhadra News: सोनभद्र के शाहगंज क्षेत्र में शादी समारोह से लौट रहे युवक की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई, हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा।

Mithilesh Dev Pandey
Published on: 8 May 2026 4:09 PM IST
Unidentified vehicle hits youth returning from wedding
X

 शादी से लौट रहे युवक को अज्ञात वाहन ने रौंदा, खुशियों के बीच पसरा मातम (Photo- Social Media)

Sonbhadra News: सोनभद्र। शादी समारोह से घर लौट रहे एक युवक की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। गुरुवार देर रात शाहगंज थाना क्षेत्र के उचका गांव के समीप हुए इस हादसे ने एक परिवार की खुशियां पलभर में छीन लीं। तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और परिवार में मातम छा गया।

अज्ञात वाहन ने बाइक में मार दी जोरदार टक्कर

जानकारी के अनुसार घोरावल कोतवाली क्षेत्र के तेन्दुई गांव निवासी 35 वर्षीय संतोष यादव पुत्र स्वर्गीय तेजबली यादव गुरुवार को करमा क्षेत्र में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। रात में कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वह बाइक से अपने घर वापस लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि जैसे ही वह शाहगंज थाना क्षेत्र के उचका गांव के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रहे किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि संतोष सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर चोटों के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

रात के सन्नाटे में हुए हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही शाहगंज थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की।

परिवार में माहौल बेहद गमगीन

मृतक की शिनाख्त होते ही पुलिस ने तड़के परिजनों तक हादसे की दर्दनाक खबर पहुंचाई। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजन रोते-बिलखते जिला अस्पताल पहुंचे, जहां माहौल बेहद गमगीन हो गया।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। वहीं हादसे के बाद फरार अज्ञात वाहन की तलाश में पुलिस जुट गई है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ ही स्थानीय लोगों से पूछताछ कर वाहन का सुराग तलाश रही है।

Shashi kant gautam

Shashi kant gautam

Mail ID - skgautam1208@gmail.com

Next Story