TRENDING TAGS :
Shravasti News: भिनगा अस्पताल में एक्सपायर दवाएं और गंदगी देख भड़कीं डीएम, दिए सख्त निर्देश
Shravasti News: भिनगा जिला अस्पताल के औचक निरीक्षण में डीएम को एक्सपायर दवाएं और गंदगी मिली, दो दिन में सुधार रिपोर्ट देने के निर्देश।
Shravasti News
Shravasti News : डीएम अन्नपूर्णा गर्ग ने संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण में एक्सपायर दवाएं मिलने, स्टॉक रजिस्टर अपडेट न होने और कई वार्डों में गंदगी पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताते हुए दो दिन में अनुपालन आख्या मांगी है।
डीएम ने दवा वितरण कक्ष में एक्सपायर दवाएं मिलने पर निर्देश दिया कि स्टोर से समय-सीमा पूरी होते ही दवाएं तत्काल हटाई जाएं। स्टॉक रजिस्टर में कई दवाओं व सामग्री का अंकन न मिलने पर उन्होंने सीएमएस को रजिस्टर का नियमित अवलोकन कर स्टॉक अद्यावधिक कराने को कहा। साथ ही एसएनसीयू में 8 और लेबर रूम में 4 मरीज भर्ती मिले। डीएम ने भर्ती मरीजों व गर्भवती महिलाओं को खान-पान, दवा, इलाज और टीकाकरण में विशेष ध्यान देने तथा मानक के अनुसार साफ-सफाई रखने के निर्देश दिए।
पीएनसी वार्ड की सफाई संतोषजनक मिली, लेकिन पुरुष, महिला वार्ड और अन्य स्थानों पर गंदगी देख जिलाधिकारी ने सुबह तक सफाई सुनिश्चित कराने को कहा। इसके साथ ही डायलिस वार्ड में 2 मरीज भर्ती थे। पैथोलॉजी में बताया गया कि आज 340 सैंपल लिए गए। डीएम ने जांच रिपोर्ट 24 घंटे के भीतर मरीजों को देने का निर्देश दिया। इमरजेंसी में 3 मरीज भर्ती मिले, यहां उन्होंने डॉक्टरों की उपस्थिति हर हाल में सुनिश्चित कराने और मरीजों को प्राथमिकता पर दवा-जांच उपलब्ध कराने को कहा।
दौरान डीएम ने भर्ती मरीजों और तीमारदारों से बात कर कुशलक्षेम जाना। उन्होंने कहा कि सरकारी सुविधाएं मरीजों को समय से मिलें, शिथिलता पर चिकित्सक और पैरामेडिकल कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई होगी। अस्पताल में सभी चिकित्सकों व पैरामेडिकल कर्मियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित रखने के भी निर्देश दिए।
इस दौरान उन्होंने सीएमएस डॉ. राजपाल सिंह को निर्देश दिया गया कि निरीक्षण में पाई गई कमियों को दूर कर दो दिन में अनुपालन आख्या दें और स्वयं भी नियमित औचक निरीक्षण करें। साथ ही चेतावनी दी है कि भविष्य में फिर से निरीक्षण में कमी मिलने पर संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


