Sonbhadra: खेलते-खेलते बुझ गई जिंदगी की लौ, कुएं से निकला 12 साल के सुनील का शव तो फफक पड़ा गांव

Sonbhadra News : सोनभद्र के घोरावल में 12 वर्षीय सुनील की कुएं में गिरने से मौत, खेलते-खेलते गई जान, गांव में मातम पसरा।

Mithilesh Dev Pandey
Published on: 13 May 2026 9:19 PM IST
Sonbhadra: खेलते-खेलते बुझ गई जिंदगी की लौ, कुएं से निकला 12 साल के सुनील का शव तो फफक पड़ा गांव
X

Sonbhadra News 

Sonbhadra News : जनपद के घोरावल कोतवाली क्षेत्र के शिवद्वार चौकी अंतर्गत बभनदेवा टोला में बुधवार का दिन मातम में बदल गया। जिस घर में कुछ देर पहले तक बच्चे की किलकारियां गूंज रही थीं, वहां अचानक चीख-पुकार मच गई। 12 वर्षीय सुनील की कुएं में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है।

बताया जा रहा है कि बभनदेवा टोला निवासी सोमारू का पुत्र सुनील दोपहर के समय घर के बाहर खेलते हुए कुएं की तरफ चला गया था। इसी दौरान वह अचानक अनियंत्रित होकर कुएं में जा गिरा। कुछ ही देर बाद कुएं से आवाज सुनाई दी तो आसपास मौजूद लोगों को शक हुआ। ग्रामीण दौड़ते हुए मौके पर पहुंचे तो कुएं के भीतर हलचल दिखाई दी।

इसके बाद गांव के लोगों ने बिना समय गंवाए बचाव अभियान शुरू कर दिया। रस्सी और बाल्टी की मदद से ग्रामीण काफी देर तक प्रयास करते रहे। बड़ी मशक्कत के बाद जब सुनील को कुएं से बाहर निकाला गया तो उसकी हालत नाजुक थी। आनन-फानन में सूचना पुलिस को दी गई।घटना की जानकारी मिलते ही शिवद्वार चौकी प्रभारी कवींद्र यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। बालक को तत्काल चिकित्सकों के पास ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

सुनील की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मां बेसुध हो गई, जबकि पिता और अन्य परिजन बिलखते नजर आए। गांव के लोगों का कहना है कि सुनील बेहद मिलनसार और हंसमुख स्वभाव का था। उसकी असमय मौत ने पूरे गांव को गम में डुबो दिया है। बुधवार शाम तक मृतक के घर लोगों का तांता लगा रहा और हर आंख नम दिखाई दी।

Shalini Rai

Shalini Rai

Mail ID - raishalini910@gmail.com

Next Story