TRENDING TAGS :
Sonbhadra News: दस साल बाद भी चयन वेतनमान का इंतजार, 16448 भर्ती के शिक्षकों ने खोला मोर्चा
Sonbhadra: दस साल की सेवा पूरी, फिर भी चयन वेतनमान का इंतजार; 16448 शिक्षक भर्ती के शिक्षकों ने दुद्धी में खोला मोर्चा
Sonbhadra News: 16448 शिक्षक भर्ती के तहत नियुक्त शिक्षकों की सेवा के दस वर्ष पूरे होने के बाद भी चयन वेतनमान की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ने से शिक्षकों में नाराजगी है। अपने हक के चयन वेतनमान की मांग को लेकर प्राथमिक शिक्षक संघ की ब्लॉक इकाई दुद्धी ने अब विभागीय स्तर पर पहल तेज कर दी है। बड़ी संख्या में शिक्षक एकजुट होकर खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय पहुंचे और अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन देकर कार्रवाई की मांग
मंडल मंत्री भोलानाथ अग्रहरि के नेतृत्व में शिक्षकों ने खंड शिक्षा अधिकारी प्रेम शंकर राम से मुलाकात की। शिक्षकों ने बताया कि 16448 शिक्षक भर्ती के अंतर्गत नियुक्त शिक्षकों की सेवा अवधि दस वर्ष पूरी हो चुकी है। बेसिक शिक्षा नियमावली के प्रावधानों के तहत पात्र शिक्षकों को चयन वेतनमान का लाभ मिलना चाहिए। इसके लिए आवश्यक प्रक्रिया जल्द पूरी कराने की मांग की गई।ज्ञापन प्राप्त करने के बाद खंड शिक्षा अधिकारी ने शिक्षकों की मांग को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र आवश्यक कार्रवाई किए जाने का आश्वासन दिया। इससे शिक्षकों को मांग पूरी होने की उम्मीद जगी है।
पहले भी संघर्ष कर चुका है शिक्षक संघ
प्राथमिक शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि शिक्षकों के चयन वेतनमान से जुड़ा यह मुद्दा नया नहीं है। इससे पहले भी विभिन्न शिक्षक भर्तियों में पात्र शिक्षकों को चयन वेतनमान दिलाने के लिए संगठन ने लगातार संघर्ष किया था। संगठन के प्रयासों के बाद संबंधित शिक्षकों को चयन वेतनमान का लाभ मिल सका।जिला उपाध्यक्ष जितेंद्र चौबे ने कहा कि शिक्षक संघ हमेशा शिक्षकों की जायज मांगों और अधिकारों के लिए मजबूती से खड़ा रहा है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों से जुड़े किसी भी उचित विषय को लेकर संगठन अपनी आवाज प्रभावी ढंग से उठाता रहेगा।
शिक्षक हित में संघर्ष जारी रखने का ऐलान
मंडल मंत्री भोलानाथ अग्रहरि ने कहा कि शिक्षकों की समस्याओं को लेकर संगठन किसी भी स्तर पर पीछे नहीं हटेगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि चयन वेतनमान सहित शिक्षकों के सभी जायज मुद्दों पर वह उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहेंगे।
ज्ञापन देने वालों में महामंत्री लोकपति वर्मा, राकेश शर्मा, विजय गुप्ता, बिहारी लाल, रामरहीस, शिवम शुक्ला, रविंद्र नाथ, उदय कुमार, राघवेंद्र पांडेय, नाजिया परवीन, राशिदा अनवर, दयाशंकर सहित बड़ी संख्या में शिक्षक मौजूद रहे।


