TRENDING TAGS :
Sonbhadra News: सोनभद्र में सामूहिक विवाह समारोह में 252 जोड़ों ने शुरू किया नया जीवन
Sonbhadra News: चोपन के रेलवे फुटबॉल मैदान में 243 हिंदू व 9 मुस्लिम जोड़ों का विवाह संपन्न, प्रति जोड़े एक लाख रुपये की सहायता और उपहार सामग्री की व्यवस्था।
Sonbhadra News: किसी के जीवन में विवाह का दिन नई उम्मीदों और सपनों की सौगात लेकर आता है। शनिवार को चोपन स्थित रेलवे फुटबॉल मैदान में ऐसा ही खुशनुमा नजारा देखने को मिला, जहां मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 252 जोड़ों ने एक साथ वैवाहिक जीवन की नई शुरुआत की। मंगलगीतों और वैवाहिक रस्मों के बीच आयोजित समारोह में 243 हिंदू तथा नौ मुस्लिम जोड़े अपने-अपने धर्मों की परंपराओं के अनुसार विवाह बंधन में बंधे। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने नवदंपतियों को आशीर्वाद देकर उनके सुखमय दाम्पत्य जीवन की कामना की।
समाज कल्याण विभाग की ओर से जिला प्रशासन के पर्यवेक्षण में आयोजित इस समारोह में जिले के विभिन्न विकास खंडों और नगरीय क्षेत्र से चयनित पात्र जोड़ों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में रॉबर्ट्सगंज विकास खंड के 38, करमा के 24, चतरा के 17, नगवां के 20, दुद्धी के 21, म्योरपुर के 27, घोरावल के 25, चोपन के 20, कोन के 19 और बभनी के 29 जोड़े शामिल हुए। इसके अतिरिक्त नगर पालिका क्षेत्र के 12 जोड़ों का भी विवाह संपन्न कराया गया। सभी जोड़ों का विवाह उनकी धार्मिक मान्यताओं और रीति-रिवाजों के अनुरूप विधि-विधान से कराया गया।
जनप्रतिनिधियों ने नवदंपतियों को दिया आशीर्वाद
समारोह में समाज कल्याण राज्य मंत्री संजीव कुमार गौड़, अनुसूचित जाति आयोग के उपाध्यक्ष जीत सिंह खरवार और म्योरपुर ब्लॉक प्रमुख मान सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने सहभागिता की। उन्होंने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद, समृद्ध और मंगलमय वैवाहिक जीवन की कामना की। इस दौरान अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे), उपजिलाधिकारी ओबरा, जिला विकास अधिकारी और जिला समाज कल्याण अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
प्रति जोड़े एक लाख रुपये की निर्धारित व्यवस्था
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत शासन की ओर से प्रत्येक जोड़े के विवाह पर एक लाख रुपये का व्यय निर्धारित किया गया है। इसमें नवविवाहित कन्या को गृहस्थी की शुरुआत और दाम्पत्य जीवन को खुशहाल बनाने के लिए 64 हजार रुपये की आर्थिक सहायता डीबीटी के माध्यम से सीधे उसके बैंक खाते में अंतरित किए जाने का प्रावधान है। इसके अलावा 21 हजार रुपये की वैवाहिक उपहार सामग्री दी गई।उपहार सामग्री में गद्दा, तकिया, साड़ी, ब्लाउज, पेटीकोट, चुनरी, लहंगा, चादर, प्रेस, डिनर सेट, सीलिंग फैन और मिष्ठान सहित गृहस्थी में उपयोग होने वाली आवश्यक वस्तुएं शामिल हैं।
वहीं शेष 15 हजार रुपये प्रति जोड़ा समारोह के आयोजन और आवश्यक व्यवस्थाओं पर खर्च किए जाने का प्रावधान है। इसमें भोजन, पंडाल, फर्नीचर, पेयजल, विद्युत और प्रकाश व्यवस्था शामिल है।कार्यक्रम को सफल बनाने में समाज कल्याण विभाग, विकास विभाग और पुलिस प्रशासन के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया। समारोह ने 252 जोड़ों को वैवाहिक जीवन की नई शुरुआत का अवसर प्रदान किया।


