Sonbhadra News: सोनभद्र में डीजल चोरों का खेल बेनकाब, 340 लीटर चोरी के तेल के साथ दो गिरफ्तार

Sonbhadra News: सोनभद्र के डाला क्षेत्र में चोपन पुलिस ने डीजल चोरी के अवैध कारोबार का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने हार्ड मिक्स प्लांट के पास छापेमारी कर 340 लीटर चोरी का डीजल, कई ड्रम और तेल निकालने के उपकरण बरामद किए हैं।

Mithilesh Dev Pandey
Published on: 5 Nov 2026 5:35 PM IST
Sonbhadra News: सोनभद्र में डीजल चोरों का खेल बेनकाब, 340 लीटर चोरी के तेल के साथ दो गिरफ्तार
X

Sonbhadra News

Sonbhadra News: जिले में डीजल चोरी कर उसे जमा करने और फिर बाजार में बेचने वाले गिरोह का चोपन पुलिस ने पर्दाफाश किया है। डाला स्थित हार्ड मिक्स प्लांट के पास चल रहे इस अवैध कारोबार पर पुलिस ने देर रात शिकंजा कसते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से 340 लीटर चोरी का डीजल बरामद हुआ है। मौके से डीजल निकालने, जमा करने और एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण भी मिले हैं। बरामदगी ने इस बात के संकेत दिए हैं कि डीजल चोरी का काम केवल चोरी तक सीमित नहीं था, बल्कि तेल एकत्रित कर उसकी बिक्री का भी नेटवर्क चलाया जा रहा था।

पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में जिले में अपराधियों और अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय मेविस टॉक और क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा के पर्यवेक्षण में चोपन पुलिस को यह सफलता मिली। पुलिस टीम ने चार नवंबर की रात करीब 11:43 बजे हार्ड मिक्स प्लांट, डाला के पास कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपितों को गिरफ्तार किया।

तीन ड्रमों में भरा था चोरी का डीजल

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों के कब्जे से कुल 340 लीटर डीजल बरामद किया। इसमें 100 लीटर क्षमता वाले तीन प्लास्टिक ड्रमों में करीब 300 लीटर तथा 50 लीटर क्षमता वाले एक प्लास्टिक ड्रम में करीब 40 लीटर डीजल भरा हुआ था। इसके अलावा मौके से 200 लीटर क्षमता वाले दो खाली प्लास्टिक ड्रम और 200 लीटर क्षमता का एक खाली लोहे का ड्रम भी बरामद किया गया। बड़ी मात्रा में तेल जमा करने के लिए इस्तेमाल किए जा रहे इन ड्रमों से चोरी के डीजल के संग्रहण की गतिविधियों का पता चलता है।कार्रवाई के दौरान पुलिस को चार खाली प्लास्टिक की बाल्टियां, एक प्लास्टिक की तेल कुप्पी, एक प्लास्टिक का लूज पाइप, ट्रकों की टंकी के दो ढक्कन और एक ट्रक का फिल्टर मिला। पुलिस ने इन सभी सामानों को कब्जे में ले लिया है। बरामद उपकरणों से आशंका है कि ट्रकों की टंकियों से डीजल निकालने और उसे अलग-अलग बर्तनों में जमा करने के लिए इनका इस्तेमाल किया जाता था।

बिहार और वाराणसी के रहने वाले हैं आरोपित

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान शिव कुमार विश्वकर्मा (28) पुत्र भूषण विश्वकर्मा निवासी ग्राम मानपुर, थाना गम्हरिया, जिला मधेपुर, बिहार तथा प्रहलाद पाण्डेय (29) पुत्र उमेशचन्द्र पाण्डेय निवासी ग्राम सरसौल, थाना चौबेपुर, जनपद वाराणसी के रूप में हुई है। दोनों वर्तमान में हार्ड मिक्स प्लांट, डाला चढ़ाई क्षेत्र में रह रहे थे। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर बरामदगी के संबंध में पूछताछ और आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

बीएनएस की धाराओं में मुकदमा दर्ज

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर थाना चोपन में मुकदमा अपराध संख्या 415/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 287, 303(2), 317(2) और 317(5) में अभियोग पंजीकृत किया गया है। मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक गोपाल जी गुप्ता, अपराध निरीक्षक राजेश यादव, उपनिरीक्षक संतोष कुमार सिंह, विनोद यादव और रामज्ञान सिंह यादव के साथ हेड कांस्टेबल राजेन्द्र, रविन्द्र यादव तथा कांस्टेबल मन्टू सिंह, मूलचन्द और घनश्याम यादव शामिल रहे। पुलिस की इस कार्रवाई से डाला क्षेत्र में डीजल चोरी और उसके अवैध संग्रहण के कारोबार में लगे लोगों में हलचल है।

Mithilesh Dev Pandey
ABOUT THE AUTHOR

Mithilesh Dev Pandey

mithilesh.sonbhadra@gmail.com
Next Story