TRENDING TAGS :
Sonbhadra News: सोनभद्र में गांजा तस्करी का बड़ा भंडाफोड़, कार के गुप्त केबिन से 30 लाख का माल बरामद
Sonbhadra News: सोनभद्र में ऑपरेशन शुद्धि के तहत रॉबर्ट्सगंज पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने गांजा तस्करी का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने कार के गुप्त केबिन से 60 किलो 500 ग्राम गांजा बरामद कर शाहजहांपुर निवासी दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
Sonbhadra News
Sonbhadra News: नशे के अवैध कारोबार पर शिकंजा कसने के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन शुद्धि के तहत सोनभद्र पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। रॉबर्ट्सगंज पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने गांजा तस्करी के एक ऐसे तरीके का पर्दाफाश किया है, जिसमें तस्करों ने कार के भीतर बाकायदा गुप्त केबिन बना रखा था। इसी छिपे हुए केबिन में गांजे के पैकेट रखकर तस्करी की जा रही थी। पुलिस ने घेराबंदी कर दो तस्करों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से 60 किलो 500 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपये बताई गई है। तस्करी में इस्तेमाल की जा रही सुजुकी सियाज कार को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।
पुलिस के मुताबिक, पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में जिलेभर में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय मेविस टॉक और क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर कुमार मिश्रा के पर्यवेक्षण में रॉबर्ट्सगंज पुलिस और एसओजी की टीम सक्रिय थी। चार नवंबर की रात करीब 8:45 बजे मुखबिर से सूचना मिली कि लोढ़ी गांव में टीवीएस गोदाम के पास गांजे की तस्करी में शामिल दो लोग कार के साथ मौजूद हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया।
शाहजहांपुर के रहने वाले हैं दोनों आरोपी
पकड़े गए आरोपियों की पहचान सत्यम यादव (21) पुत्र राजेश्वर यादव निवासी ग्राम लैसना, थाना जलालाबाद, जनपद शाहजहांपुर तथा सीबू अली (24) पुत्र सब्बन अली निवासी ब्रह्मनान, थाना अल्लागंज के पीछे, जनपद शाहजहांपुर के रूप में हुई। तलाशी के दौरान पुलिस को कार में गांजा छिपाकर रखने के लिए तैयार किया गया गुप्त केबिन मिला। इसी के भीतर मादक पदार्थ के पैकेट छिपाए गए थे। पुलिस ने तीन प्लास्टिक के कट्टों से कुल 43 पैकेटों में रखा 60 किलो 500 ग्राम गांजा बरामद किया।
गुप्त केबिन बनाकर पुलिस को चकमा देने की थी तैयारी
तस्करी के इस तरीके में कार को सामान्य वाहन की तरह इस्तेमाल किया जा रहा था, जबकि उसके भीतर बने विशेष केबिन में गांजा छिपाकर ले जाया जाता था। इससे बाहर से देखने पर वाहन में मादक पदार्थ होने का आसानी से पता नहीं चलता। हालांकि पुलिस की सतर्कता और मुखबिर की सूचना के चलते तस्करों की यह तरकीब काम नहीं आई। मौके से बरामद सुजुकी सियाज कार को एनडीपीएस एक्ट की धारा 60 के तहत पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया।
एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज, आगे की कार्रवाई जारी
इस मामले में थाना रॉबर्ट्सगंज पर मुकदमा अपराध संख्या 892/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20/27ए/29/60/61 में अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है।इस कार्रवाई में एसओजी प्रभारी निरीक्षक रामस्वरूप वर्मा मय टीम, रॉबर्ट्सगंज प्रभारी निरीक्षक धर्मेन्द्र सिंह, निरीक्षक बनारसी यादव, उपनिरीक्षक धर्मनारायण भार्गव, उपनिरीक्षक उमाशंकर यादव, हेड कांस्टेबल दिनेश कुमार, हेड कांस्टेबल अमरजीत यादव, कांस्टेबल राम सिंह और कांस्टेबल हरिश्चन्द्र शामिल रहे। पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की बड़ी सफलता माना जा रहा है।


