TRENDING TAGS :
Sonbhadra News: सोनभद्र में दर्दनाक सड़क हादसा: कोयला लदा ट्रेलर पलटा, दो की मौत, चार गंभीर
Sonbhadra News: सोनभद्र के अनपरा थाना क्षेत्र के बैरपान के पास कोयले से लदे ट्रेलर और रोडवेज बस की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे के बाद ट्रेलर पलट गया, जिसमें चालक और बाइक सवार युवक समेत दो लोगों की मौत हो गई।
Sonbhadra News
Sonbhadra News: जनपद के अनपरा थाना क्षेत्र के बैरपान के पास शुक्रवार की शाम एक भीषण सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। कोयले से लदे ट्रेलर और रोडवेज बस के बीच आमने-सामने हुई टक्कर के बाद ट्रेलर सड़क पर पलट गया। हादसे में ट्रेलर चालक और बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बस यात्रियों समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। सड़क पर बिखरे कोयले और क्षतिग्रस्त वाहनों के कारण काफी देर तक आवागमन भी प्रभावित रहा।
शुक्रवार अपराह्न करीब चार बजे अनपरा से कोयला लादकर एक ट्रेलर रेनुकूट की ओर जा रहा था। बैरपान के समीप पहुंचते ही सामने से आ रही रोडवेज बस से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद ट्रेलर अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। भारी मात्रा में कोयला सड़क पर फैल गया और इसी दौरान वहां से गुजर रहे बाइक सवार भी हादसे की चपेट में आ गए।
ट्रेलर पलटते ही कोयले में दबा युवक
अचानक सामने हुए हादसे से बाइक सवार को संभलने का मौका तक नहीं मिला। बाइक चालक ने किसी तरह वाहन बचाने का प्रयास किया, लेकिन पीछे बैठे बाबू अगरिया (25) निवासी रासपहरी, थाना पिपरी कोयले की चपेट में आ गए। गंभीर रूप से दबने के कारण उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। बाइक चला रहे रमाशंकर भी गंभीर रूप से घायल हो गए।
दो घायलों को ट्रामा सेंटर भेजा गया
हादसे की सूचना मिलते ही अनपरा थाना प्रभारी राजेश जी चौबे पुलिस बल और हाइड्रा मशीन के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। पलटे ट्रेलर और कोयले में दबे लोगों को बाहर निकालकर तत्काल संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने ट्रेलर चालक राम मनोज यादव (40) पुत्र लाल चंद निवासी भोपतपूर, थाना जीयनपुर, आजमगढ़ और बाइक सवार बाबू अगरिया को मृत घोषित कर दिया।वहीं गंभीर रूप से घायल बाइक चालक रमाशंकर को प्राथमिक उपचार के बाद ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। रोडवेज बस यात्री ईशान निवासी सिंगरौली की हालत भी गंभीर होने पर उन्हें उपचार के लिए ट्रामा सेंटर बैढ़न भेजा गया। दुर्घटना में बस के तीन यात्रियों समेत कुल चार लोगों के घायल होने की जानकारी है।
काफी मशक्कत के बाद बहाल हुआ आवागमन
दुर्घटना के बाद राजमार्ग पर कोयला फैल जाने और ट्रेलर के बीच सड़क पर पलटने से यातायात बाधित हो गया। पुलिस ने हाइड्रा की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहन हटवाया और सड़क पर बिखरे कोयले को साफ कराकर आवागमन बहाल कराया। हादसे के बाद काफी देर तक घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुटी रही।


