Sonbhadra News: मातम में बदलीं शादी की खुशियां, बारातियों से भरी पिकअप पलटी, तीन की मौत, 15 रेफर

Sonbhadra News : सोनभद्र में बारातियों से भरी पिकअप पलटने से तीन की मौत, 15 घायल मेडिकल कॉलेज रेफर किए गए।

Mithilesh Dev Pandey
Published on: 13 May 2026 9:18 AM IST
Sonbhadra News: मातम में बदलीं शादी की खुशियां, बारातियों से भरी पिकअप पलटी, तीन की मौत, 15 रेफर
X

Sonbhadra Barati Pickup Accident News

Sonbhadra News : सोनभद्र जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। मिर्जापुर से शादी समारोह में शामिल होने जा रहे बारातियों से भरी पिकअप रामपुर बरकोनिया थाना क्षेत्र के कठास गांव के पास अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

घटना की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और किसी तरह वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकाला। हादसे में तीन बारातियों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि डेढ़ दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए।

घुमावदार मोड़ पर अनियंत्रित हुई पिकअप

बताया गया कि बारात मिर्जापुर जनपद के मड़िहान थाना क्षेत्र स्थित चेनरी बांध गोंड पथरा गांव से निकली थी। शिवकुमार के पुत्र की शादी रामपुर विक्रम क्षेत्र के चेनरी टोला निवासी युवती से तय हुई थी। शादी की रस्मों में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में बाराती पिकअप वाहन से जा रहे थे।

इसी दौरान कठास गांव के पास घुमावदार मोड़ पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। देखते ही देखते पिकअप सड़क किनारे खेत में जा गिरी। हादसा इतना अचानक हुआ कि वाहन में सवार लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।

हादसे में तीन बारातियों की मौत

इस हादसे में राजन गोंड, विनोद गोंड और अजय गोंड की मौके पर ही मौत हो गई। तीनों मृतक मिर्जापुर के मड़िहान थाना क्षेत्र के चंदेरी बांध गोंड पथरा गांव के निवासी बताए गए हैं।वहीं हादसे में घायल हुए लोगों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चतरा पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद 15 गंभीर घायलों को मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

अस्पताल पहुंचे एसपी और प्रशासनिक अधिकारी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी सक्रिय हो गए। देर रात पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। उन्होंने मृतकों के परिजनों को ढांढस बंधाते हुए बेहतर इलाज का भरोसा दिलाया।वहीं सदर एसडीएम अश्वनी सिंह भी आधी रात के बाद तक अस्पताल में मौजूद रहे और राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी करते रहे।

ग्रामीण बोले- पहले भी हो चुके हैं कई हादसे

ग्रामीणों का कहना है कि जिस घुमावदार मोड़ पर यह हादसा हुआ, वहां पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। लोगों के मुताबिक रात का अंधेरा और तेज रफ्तार इस हादसे की बड़ी वजह बनी।

जिस घर में कुछ घंटों पहले तक शादी की खुशियां और जश्न का माहौल था, वहां अब मातम पसरा हुआ है। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।

Shalini Rai

Shalini Rai

Mail ID - raishalini910@gmail.com

Next Story