Sonbhadra News: सोनभद्र में बड़ा सड़क हादसा: ट्रेलर से टकराई यात्रियों से भरी बस, पांच घायल

Sonbhadra News: सोनभद्र के म्योरपुर में रेणुकूट से अंबिकापुर जा रही यात्रियों से भरी निजी बस ट्रेलर से टकरा गई। हादसे में चार महिलाओं समेत पांच यात्री घायल हो गए।

Mithilesh Dev Pandey
Published on: 24 Oct 2026 1:04 PM IST
Sonbhadra News: सोनभद्र में बड़ा सड़क हादसा: ट्रेलर से टकराई यात्रियों से भरी बस, पांच घायल
X

Sonbhadra News

Sonbhadra News: जनपद सोनभद्र के रेणुकूट से छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर जा रही यात्रियों से भरी निजी बस शनिवार सुबह म्योरपुर थाना क्षेत्र में हादसे का शिकार हो गई। बीजपुर-मुर्धवा मार्ग पर देवरी और बभनीहा गांव के बीच आगे चल रहे ट्रेलर के चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिया। इससे पीछे चल रही बस ट्रेलर के पिछले हिस्से से टकरा गई। हादसे में बस में सवार पांच यात्री घायल हो गए। घायलों में चार महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं। सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र म्योरपुर पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल मुसर्रत खातून को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार, रेणुकूट से एक निजी बस शनिवार सुबह करीब आठ बजे 30 यात्रियों को लेकर छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर के लिए रवाना हुई थी। बस म्योरपुर थाना क्षेत्र के मुर्धवा-बीजपुर मार्ग पर देवरी और बभनीहा गांव के बीच पहुंची थी। इसी दौरान आगे चल रहे ट्रेलर के चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिया। इससे बस चालक को संभलने का पर्याप्त मौका नहीं मिला और बस ट्रेलर से जा टकराई। टक्कर के बाद बस में सवार यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई।

टक्कर के बाद यात्रियों में मची चीख-पुकार

बस के ट्रेलर से टकराते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। बस के आगे की सीटों पर बैठे यात्रियों को अधिक चोटें आईं। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए। स्थानीय लोगों ने घायलों को बस से निकालने और अस्पताल पहुंचाने में मदद की। इसके बाद सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र म्योरपुर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार शुरू किया।

चार महिलाएं और एक पुरुष घायल

हादसे में छत्तीसगढ़ निवासी 25 वर्षीय मुसर्रत खातून, काचन निवासी 25 वर्षीय रुखसार, म्योरपुर निवासी 19 वर्षीय नेहा, रेणुकूट निवासी 24 वर्षीय तराना बानो और काचन निवासी 50 वर्षीय अशोक घायल हो गए। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉ. संजीव बिंद ने सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया। इनमें मुसर्रत खातून की हालत गंभीर बताई गई। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। अन्य घायलों का म्योरपुर अस्पताल में उपचार किया गया।

हादसे के बाद ट्रेलर लेकर फरार हुआ चालक

दुर्घटना के बाद ट्रेलर चालक मौके पर रुकने के बजाय वाहन लेकर फरार हो गया। हादसे में बस में सवार पांच यात्रियों के घायल होने से मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। बस में कुल 30 यात्री सवार थे। ऐसे में टक्कर के बाद यात्रियों में दहशत का माहौल रहा। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दुर्घटना की वजह आगे चल रहे ट्रेलर के अचानक ब्रेक लगाने को बताया गया है। हालांकि, ट्रेलर चालक ने अचानक ब्रेक क्यों लगाया, इसकी स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी है।

Mithilesh Dev Pandey
ABOUT THE AUTHOR

Mithilesh Dev Pandey

mithilesh.sonbhadra@gmail.com
Next Story