Sonbhadra News: शादी की खुशियों पर मौत का साया, ननिहाल आए मासूम का कुएं में मिला शव; हत्या का आरोप

Sonbhadra News: सोनभद्र के बभनी थाना क्षेत्र में मौसी की शादी में आए चार वर्षीय मासूम का शव संदिग्ध हालात में कुएं में मिला। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है, जबकि पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Mithilesh Dev Pandey
Published on: 28 May 2026 7:41 PM IST
Sonbhadra News: शादी की खुशियों पर मौत का साया, ननिहाल आए मासूम का कुएं में मिला शव; हत्या का आरोप
X

Sonbhadra News

Sonbhadra News: जिले के बभनी थाना क्षेत्र के अहीर बुढ़वा गांव में एक शादी समारोह उस वक्त चीख-पुकार में बदल गया, जब ननिहाल में मौसी की शादी में शामिल होने आया चार वर्षीय मासूम संदिग्ध हालात में लापता हो गया और कुछ घंटे बाद उसका शव गांव के एक कुएं में उतराया मिला। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई, जबकि परिवार में कोहराम मच गया।

केवाल गांव निवासी जीनू भारती अपने पिता सुनील कुमार के साथ करीब एक सप्ताह पहले ननिहाल आया था। घर में शादी की तैयारियां जोरों पर थीं। बुधवार रात मंडप की रस्में चल रही थीं और घर के लोग मेहमानों के स्वागत व शादी के कार्यक्रम में व्यस्त थे। इसी बीच रात करीब नौ बजे मासूम अचानक गायब हो गया। काफी देर तक जब वह नजर नहीं आया तो परिवार वालों की बेचैनी बढ़ गई।

परिजनों ने पहले घर, आंगन और आसपास के इलाकों में बच्चे की तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद डायल 112 पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस और ग्रामीण रातभर खोजबीन में जुट गए। तलाश के दौरान घर से करीब डेढ़ सौ मीटर दूर स्थित एक पक्के कुएं में बच्चे का शव उतराता दिखाई दिया। यह दृश्य देखते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और शादी की सारी खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं।

मृतक के नाना रामबृक्ष ने घटना को हादसा मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई है। उनका कहना है कि जीनू की मां की मौत उसके जन्म के महज एक सप्ताह बाद हो गई थी और अब उनके नाती को भी साजिश के तहत मौत के घाट उतार दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि बच्चे की हत्या कर शव कुएं में फेंका गया है। परिवार ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।घटना की जानकारी मिलते ही बभनी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक दिन्नू यादव ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। गांव में घटना के बाद दहशत और मातम का माहौल बना हुआ है।

Mithilesh Dev Pandey
ABOUT THE AUTHOR

Mithilesh Dev Pandey

mithilesh.sonbhadra@gmail.com
Next Story