Sonbhadra News: बेकाबू ट्रक ने सड़क पार कर रहे अधेड़ को कुचला, मौके पर मची चीख-पुकार

Sonbhadra News: सोनभद्र के चोपन थाना क्षेत्र स्थित डाला के लंगड़ा मोड़ पर तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से सड़क पार कर रहे अधेड़ की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Mithilesh Dev Pandey
Published on: 10 July 2026 9:54 AM IST
Sonbhadra News: बेकाबू ट्रक ने सड़क पार कर रहे अधेड़ को कुचला, मौके पर मची चीख-पुकार
X

Sonbhadra News

Sonbhadra News: जनपद के चोपन थाना क्षेत्र के डाला चौकी अंतर्गत बाड़ी स्थित लंगड़ा मोड़ पर गुरुवार देर रात तेज रफ्तार ट्रक ने एक अधेड़ की जान ले ली। सड़क पार करने के दौरान हुए इस दर्दनाक हादसे ने इलाके में सनसनी फैला दी। दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

जानकारी के अनुसार बाड़ी डाला निवासी कार्तिक अपनी बाइक के साथ सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान डाला बाजार की दिशा से तेज गति में आ रहे एक ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार्तिक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। हादसे के बाद कुछ देर के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और राहगीरों की भीड़ एकत्र हो गई।स्थानीय लोगों ने बिना देर किए घायल कार्तिक को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का विलाप देख अस्पताल परिसर में मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं।घटना की सूचना मिलते ही डाला चौकी प्रभारी घनश्याम तिवारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।पुलिस का कहना है कि हादसे के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और प्रत्यक्षदर्शियों से भी जानकारी एकत्र की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। इस हादसे के बाद क्षेत्र में एक बार फिर तेज रफ्तार वाहनों पर अंकुश लगाने की मांग उठने लगी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि लंगड़ा मोड़ पर लगातार हो रही दुर्घटनाओं को देखते हुए यहां प्रभावी यातायात व्यवस्था और सुरक्षा इंतजाम किए जाने की आवश्यकता है।

Mithilesh Dev Pandey
ABOUT THE AUTHOR

Mithilesh Dev Pandey

mithilesh.sonbhadra@gmail.com
Next Story