TRENDING TAGS :
Sonbhadra News: भोर के अंधेरे में बुझ गई मासूम की जिंदगी! घर के बाहर फंदे पर लटका मिला छात्रा का शव
Sonbhadra के चोपन क्षेत्र में 14 वर्षीय छात्रा का शव घर के बाहर फंदे से लटका मिला, गांव में सनसनी, पुलिस जांच में जुटी
Sonbhadra News
Sonbhadra News: उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जनपद के चोपन थाना क्षेत्र के कोटा ग्राम पंचायत स्थित नवटोलिया टोला में शनिवार की सुबह एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। महज 14 वर्ष की एक किशोरी का शव घर के बाहर टीन शेड के नीचे संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिलने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।
जानकारी के अनुसार, प्रियंका कुमारी नामक किशोरी अपने परिवार के साथ घर में सोई हुई थी। परिजनों के मुताबिक रात में सभी ने एक साथ भोजन किया और इसके बाद घर के बरामदे में विश्राम करने चले गए। देर रात तक सब कुछ सामान्य था। परिवार के मुखिया मनोज केवट ने बताया कि तड़के उनकी नींद खुली थी, उस समय घर में कोई असामान्य स्थिति नहीं थी। कुछ देर बाद वह दोबारा सो गए।
भोर होते-होते अचानक पड़ोसियों की चीख-पुकार ने परिवार को झकझोर दिया। लोगों ने बताया कि उनकी बेटी घर के बाहर ओसारे में फंदे से लटकी हुई है। यह सुनते ही परिवार के सदस्य घटनास्थल की ओर दौड़े। परिजनों ने तत्काल रस्सी काटकर किशोरी को नीचे उतारा, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। मासूम की मौत हो चुकी थी। बेटी को इस हालत में देखकर माता-पिता सहित पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही डायल-112 और चोपन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर परिजनों तथा आसपास के लोगों से पूछताछ की। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। प्रथम दृष्टया मामला जितना सरल दिखाई दे रहा है, उतने ही सवाल भी खड़े कर रहा है। आखिर रात में परिवार के बीच सो रही किशोरी भोर होने से पहले घर के बाहर कैसे पहुंची? घटना के पीछे आत्महत्या है या कोई और कारण, इसे लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
हालांकि पुलिस किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी पहलुओं की गहन जांच में जुटी है।वहीं गांव में इस हृदयविदारक घटना के बाद शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है। वहीं पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल किशोरी की मौत का रहस्य बरकरार है और पूरा गांव इस सवाल का जवाब तलाश रहा है कि आखिर भोर के अंधेरे में ऐसा क्या हुआ जिसने एक मासूम की जिंदगी छीन ली।


