Sonbhadra News: जनसेवा केंद्रों की आईडी चुराकर साइबर ठगी का भंडाफोड़, दो आरोपी गिरफ्तार

Sonbhadra News: सोनभद्र में जनसेवा केंद्रों की आईडी चुराकर साइबर ठगी करने वाले बड़े नेटवर्क का खुलासा, पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर भेजा जेल।

Mithilesh Dev Pandey
Published on: 12 Nov 2026 6:08 PM IST
Sonbhadra News: जनसेवा केंद्रों की आईडी चुराकर साइबर ठगी का भंडाफोड़, दो आरोपी गिरफ्तार
X

Sonbhadra News: किसी के दस्तावेज, किसी की पहचान और किसी दूसरे के नाम पर चलने वाली आईडी... साइबर अपराधियों ने ठगी का ऐसा जाल बुना कि अपराध कहीं और होता रहा और उसकी कीमत निर्दोष लोगों को चुकानी पड़ी। जनसेवा केंद्रों की विश्वसनीयता को हथियार बनाकर साइबर ठगी का नेटवर्क संचालित किया जा रहा था। निष्क्रिय पड़ी CSC आईडी को दोबारा चालू कराने का झांसा देकर संचालकों से यूजर आईडी और पासवर्ड हासिल किए जाते थे। इसके बाद इन आईडी पर कब्जा कर उन्हें साइबर अपराधियों तक पहुंचाया जाता था। दूसरे लोगों के दस्तावेजों से फर्जी आईडी तैयार कराने का भी खेल चल रहा था। साइबर क्राइम पुलिस ने इस पूरे नेटवर्क का खुलासा करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस की जांच में सामने आया कि यह गिरोह जनसेवा केंद्रों से जुड़े लोगों के भरोसे का फायदा उठाकर अपनी गतिविधियां चला रहा था। जनसेवा केंद्रों से संबंधित कार्यों में संविदा पर नियुक्त आशीष कुमार पाण्डेय इस काम में अहम भूमिका निभाता था। वह जिले के अलग-अलग जनसेवा केंद्र संचालकों से संपर्क करता और उनकी निष्क्रिय CSC आईडी को दोबारा सक्रिय कराने का भरोसा देता था। संचालक उसकी बातों में आकर अपनी यूजर आईडी और पासवर्ड उपलब्ध करा देते थे। इसके बाद आरोपित पासवर्ड बदलकर आईडी का नियंत्रण अपने हाथ में ले लेता था। फिर ऐसी आईडी साइबर अपराध में शामिल लोगों को उपलब्ध करा दी जाती थी।

असली दस्तावेजों से तैयार हो रही थी फर्जी पहचान

जांच में यह भी खुलासा हुआ कि आरोपितों का नेटवर्क केवल जनसेवा केंद्रों की पुरानी आईडी हासिल करने तक सीमित नहीं था। वे दूसरे व्यक्तियों के दस्तावेजों का इस्तेमाल कर उनके नाम पर नई CSC आईडी बनवाते थे। इसके बाद सत्यापन की प्रक्रिया पूरी कराकर आईडी सक्रिय करा दी जाती थी। इस तरह जिन लोगों ने किसी सामान्य काम के लिए अपने दस्तावेज दिए थे, उन्हें पता तक नहीं चलता था कि उनकी पहचान का इस्तेमाल साइबर अपराध के लिए किया जा रहा है। फर्जी तरीके से तैयार की गई और दूसरे संचालकों की आईडी साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराकर धोखाधड़ी का खेल चलाया जा रहा था।

एक आईडी ने निर्दोष को पहुंचा दिया गुजरात की जेल

इस पूरे मामले में सुकृत निवासी विशाल पटेल की आपबीती ने धोखाधड़ी के गंभीर परिणाम उजागर किए। विशाल पटेल पुत्र अवधेश पटेल ने बैंक खाता खुलवाने के उद्देश्य से जनसेवा केंद्र पर अपने दस्तावेज उपलब्ध कराए थे। आरोप है कि उनके दस्तावेजों का दुरुपयोग कर उनके नाम से CSC आईडी तैयार की गई और उसका सत्यापन भी करा दिया गया। संबंधित स्थान पर पहले से ओम कम्प्यूटर, सुकृत संचालित था।

विशाल पटेल ने पुलिस को बताया कि गलत सत्यापन और उनकी पहचान पर तैयार CSC आईडी के आपराधिक गतिविधियों में इस्तेमाल होने के कारण गुजरात पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया था। उन्हें जमानत कराने के लिए भी मजबूर होना पड़ा। जिस पहचान का इस्तेमाल उन्होंने सामान्य सुविधा के लिए किया था, वही उनके लिए कानूनी मुसीबत बन गई। पीड़ित की शिकायत और आपबीती सामने आने के बाद पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने मामले में कठोर कार्रवाई का भरोसा दिया।

कई जनसेवा केंद्रों की आईडी का हुआ दुरुपयोग

जांच के दौरान सुशील कुमार के नाम पर एक छात्र की पहचान का इस्तेमाल कर CSC आईडी बनाए जाने और उसके साइबर धोखाधड़ी में उपयोग किए जाने की जानकारी सामने आई। इसके अलावा ओबरा थाना क्षेत्र के कन्हरा निवासी रमेश कुमार गुर्जर पुत्र भोला प्रसाद के जनसेवा केंद्र के माध्यम से ऑपरेटर आईडी बनाकर उसका दुरुपयोग किया गया। सविता पत्नी रूपनाथ प्रजापति के जनसेवा केंद्र की ऑपरेटर आईडी का इस्तेमाल भी इसी तरह की गतिविधियों में किए जाने की बात सामने आई है।

मिर्जापुर और वाराणसी के दो आरोपित गिरफ्तार

साक्ष्यों और जांच में भूमिका सामने आने के बाद साइबर क्राइम पुलिस ने दोनों संदिग्धों को पूछताछ के लिए बुलाया। संलिप्तता पाए जाने पर आशीष कुमार पाण्डेय पुत्र सुखनन्दन पाण्डेय निवासी उस्मानपुर, थाना चुनार, जनपद मिर्जापुर और अभय कुमार गौंड पुत्र शंकर प्रसाद गौंड निवासी नवापुरा, थाना सारनाथ, जनपद वाराणसी को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन और एक पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की है। इस मामले में साइबर क्राइम पुलिस थाना सोनभद्र में मु0अ0सं0 13/2026 के तहत धारा 318(4) बीएनएस और 66(डी) आईटी एक्ट में कार्रवाई की गई है।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल तथा क्षेत्राधिकारी एवं सहायक नोडल अधिकारी के पर्यवेक्षण में कार्रवाई की गई। पुलिस टीम में साइबर थाना प्रभारी धीरेन्द्र कुमार चौधरी, उपनिरीक्षक आशीष पटेल, मुख्य आरक्षी शिवनन्दन सिंह यादव, संजय कुमार वर्मा, योगेश यादव और आरक्षी सुनील रावत शामिल रहे।

Mithilesh Dev Pandey
ABOUT THE AUTHOR

Mithilesh Dev Pandey

mithilesh.sonbhadra@gmail.com
Next Story